हेलमेट की गंदगी से नहीं, इस वजह से झड़ सकते हैं बाल

इसको लेकर Dermatologist Dr Kumar Prateek ने प्रभात खबर से विशेष बातचीत में बताया कि हेलमेट की गंदगी और बाल झड़ने के बीच सीधा संबंध नहीं है. यानी सिर्फ गंदा हेलमेट पहनने से बाल झड़ते हैं, ऐसा कहना सही नहीं होगा. हालांकि, उन्होंने बताया कि लंबे समय तक हेलमेट पहनने पर पसीना, तेल और धूल की वजह से बाल गंदे और चिपचिपे हो सकते हैं. ऐसे बालों को साफ रखना और उनकी देखभाल करना मुश्किल हो सकता है.
रांची के भगवान महावीर मणिपाल सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर कुमार प्रतीक ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति बहुत लंबे समय तक हेलमेट पहने रहता है और हेलमेट के नीचे कोई साफ कपड़ा या रूमाल नहीं लगाता तो हेलमेट का लगातार प्रेशर और बालों पर पड़ने वाला ट्रैक्शन बाल झड़ने की वजह बन सकता है.
चेहरे की स्किन पर भी हो सकता है असर

इस बातचीत के दौरान डॉक्टर प्रतीक ने कहा कि हेलमेट सिर्फ बालों के संपर्क में नहीं आता, बल्कि चेहरे की स्किन के आसपास भी रहता है. ऐसे में पसीना, तेल, डेड स्किन और धूल-मिट्टी जमा होने से स्किन पर भी परेशानी हो सकती है.
हेलमेट को साफ और सूखा रखना जरूरी

डॉक्टर प्रतीक ने सलाह दी कि हेलमेट की साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए और उसे समय-समय पर धूप में अच्छी तरह सुखाना भी जरूरी है.
हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग कैसे साफ करें?
अगर आपके हेलमेट की पैडिंग निकल सकती है, तो उसे निर्माता के निर्देश के अनुसार सावधानी से निकालें
उसे साफ करने के लिए हल्के साबुन या माइल्ड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें
पैडिंग को धीरे-धीरे साफ करें
इसके बाद साफ पानी से अच्छी तरह धोकर उसे पूरी तरह सूखने दें
गीली पैडिंग को तुरंत हेलमेट में वापस न लगाएं, उससे अंदर नमी बनी रह सकती है
पैडिंग को बहुत जोर से रगड़ने या तेज केमिकल इस्तेमाल करने से बचें
सबसे जरूरी बात यह है कि अपने हेलमेट की कंपनी की क्लीनिंग इंस्ट्रक्शन जरूर देखें, क्योंकि हर हेलमेट की पैडिंग को साफ करने का तरीका थोड़ा अलग हो सकता है.


