भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की दाहिनी पिंडली में फिर चोट लग गई है। इसके कारण वह कम से कम तीन सप्ताह तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर रहेंगे। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज में भी नहीं खेल पाएंगे। पांड्या की ‘रिटर्न टू प्ले’ तारीख 20 सितंबर तय की गई थी। इसी के अनुसार चयनकर्ताओं ने उन्हें छह अक्टूबर से शुरू होने वाली ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारत ए टीम में चुना था।
बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रखने वाले एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन हार्दिक की ताजा स्कैन रिपोर्ट में दाहिनी पिंडली में चोट सामने आई है। उन्हें दो सप्ताह तक पूरी तरह आराम की सलाह दी गई है। बीसीसीआई की मेडिकल पैनल के प्रमुख डॉक्टर दिनशॉ पार्डीवाला ने उनकी रिपोर्ट देखी है। जापान से लौटने के बाद वह हार्दिक का आकलन करेंगे और तय करेंगे कि वह रिहैबिलिटेशन कब शुरू कर सकते हैं।’