
How to Use Body Wash: आजकल नहाने के लिए साबुन की जगह बॉडी वॉश का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है. इसे लगाना आसान होता है और नहाने के बाद शरीर साफ और फ्रेश महसूस होता है. लेकिन कई बार ज्यादा झाग बनाने या अच्छी तरह सफाई के चक्कर में लोग जरूरत से ज्यादा बॉडी वॉश ले लेते हैं.
अगर आप भी रोजाना बॉडी वॉश इस्तेमाल करती हैं, तो इसकी मात्रा और इस्तेमाल करने का तरीका जानना जरूरी है. गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर स्किन में रूखापन और खिंचाव महसूस हो सकता है.
एक बार में कितना बॉडी वॉश लें?
पूरे शरीर के लिए बहुत ज्यादा बॉडी वॉश लेने की जरूरत नहीं होती. शुरुआत में करीब एक सिक्के के आकार जितनी मात्रा ली जा सकती है. इसे गीले लूफा या बाथ स्पंज पर डालकर हल्का झाग बनाएं. जरूरत लगे तो थोड़ी और मात्रा ले सकती हैं.
ज्यादा प्रोडक्ट लेने से जरूरी नहीं कि शरीर ज्यादा साफ होगा. उल्टा स्किन की नमी प्रभावित हो सकती है.

लूफा से लगाएं, लेकिन धीरे-धीरे
बॉडी वॉश को लूफा, बाथ स्पंज या मुलायम वॉशक्लॉथ की मदद से लगाया जा सकता है. इसे त्वचा पर हल्के हाथों से लगाएं. शरीर को साफ करने के लिए बहुत जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं होती. अगर आपकी त्वचा संवेदनशील है, तो खासतौर पर ज्यादा रगड़ने से बचें.
स्किन पर ज्यादा देर तक न लगा रहने दें
बॉडी वॉश लगाने के बाद उसे लंबे समय तक शरीर पर छोड़ने की जरूरत नहीं है. हल्के हाथों से लगाने के बाद पानी से अच्छी तरह धो लें. शरीर पर प्रोडक्ट का अवशेष रह जाने से कुछ लोगों को जलन या रूखापन महसूस हो सकता है.
लूफा को भी रखें साफ
अगर आप लूफा का इस्तेमाल करती हैं, तो उसकी सफाई को नजरअंदाज न करें. हर इस्तेमाल के बाद उसे अच्छी तरह पानी से धोकर सूखने के लिए रखें. लगातार गीला रहने वाले लूफा में गंदगी और सूक्ष्मजीव जमा हो सकते हैं. इसलिए समय-समय पर लूफा बदलना भी जरूरी है.
नहाने के बाद मॉइश्चराइजर लगाएं
बॉडी वॉश से नहाने के बाद शरीर को मुलायम तौलिए से धीरे से सुखाएं और जरूरत के हिसाब से मॉइश्चराइजर लगाएं. साथ ही अपनी स्किन के अनुसार बॉडी वॉश चुनें.
अगर किसी बॉडी वॉश के इस्तेमाल के बाद लगातार खुजली, जलन या रैशेज जैसी परेशानी हो रही है, तो उसका इस्तेमाल बंद करके त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है.
यह भी पढ़ें: फ्रिज को समझ लिया है हर चीज का ठिकाना? इन 6 चीजों को अंदर रखना पड़ सकता है भारी
The post नहाते वक्त कितनी मात्रा में लगाएं बॉडी वॉश? कहीं ज्यादा तो नहीं कर रहीं इस्तेमाल appeared first on Prabhat Khabar.

