
How To Make Rakhi At Home: रक्षाबंधन पर भाई के लिए अपने हाथों से राखी बनाना इस त्योहार को और भी खास बना सकता है. बाजार की राखियों के बजाय आप घर पर मौली, रेशमी धागे, मोती और कुंदन जैसी आसान चीजों से प्यारी राखी तैयार कर सकती हैं. इसमें भाई की पसंद का रंग और डिजाइन भी शामिल कर सकती हैं.
1. मौली और रुद्राक्ष वाली राखी
अगर भाई को सिंपल और ट्रेडिशनल चीजें पसंद हैं, तो मौली और रुद्राक्ष वाली राखी बना सकती हैं.
इसके लिए चाहिए: मौली या कलावा, रुद्राक्ष, छोटे मोती, छोटा गणेश जी या ऊं का पेंडेंट और गोंद.
कैसे बनाएं: सबसे पहले मौली को 4-5 बार मोड़कर थोड़ा मोटा कर लें. अब इसके बीच में रुद्राक्ष या पेंडेंट लगाएं. दोनों तरफ छोटे मोती पिरोएं और आखिर में दोनों सिरों पर गांठ लगा दें. आपकी सिंपल और प्यारी राखी तैयार है.
2. रेशमी धागे और गोटा-पत्ती वाली राखी
थोड़ा रॉयल और स्टाइलिश लुक चाहिए, तो रेशमी धागे और गोटा-पत्ती से राखी बना सकती हैं.
इसके लिए चाहिए: रंगीन रेशमी धागा, बुकरम, गोटा-पत्ती, छोटा स्टोन और गोंद.

कैसे बनाएं: सबसे पहले बुकरम को गोल आकार में काट लें. अब उसके ऊपर रेशमी धागे को चारों तरफ लपेटें. बीच में गोटा-पत्ती का फूल चिपकाएं और उसके बीच छोटा स्टोन लगाएं. पीछे रेशमी धागा चिपका दें. राखी तैयार है.
3. फोम शीट वाली फंकी राखी
छोटे भाई या कार्टून पसंद करने वाले भाई के लिए फोम शीट वाली राखी एकदम क्यूट लगेगी.
इसके लिए चाहिए: रंगीन फोम शीट, साटन रिबन, कैंची, छोटे स्टिकर और गोंद.
कैसे बनाएं: फोम शीट से स्टार, कार्टून या भाई की पसंद का कोई शेप काट लें. अब इस पर छोटे स्टिकर लगाएं. इसे साटन रिबन के बीच में चिपका दें और गोंद को अच्छी तरह सूखने दें.
4. रंगीन बटन वाली राखी
घर में रखे कुछ सुंदर बटनों से भी एक अलग और प्यारी राखी बनाई जा सकती है.
इसके लिए चाहिए: अलग-अलग रंग के बटन, ऊन या सूती धागा और गोंद.
कैसे बनाएं: धागे को गूंथकर थोड़ा मोटा कर लें. अब बीच में एक बड़ा बटन लगाएं और उसके आसपास छोटे बटन चिपका दें. दोनों तरफ धागा रखें, ताकि राखी को कलाई पर आसानी से बांधा जा सके.
5. मोती और कुंदन वाली राखी
अगर भाई के लिए थोड़ी चमक वाली राखी बनानी है, तो मोती और कुंदन का डिजाइन ट्राई कर सकती हैं.
इसके लिए चाहिए: मौली या रेशमी धागा, बड़ा कुंदन, छोटे मोती, गोल्डन बीड्स, छोटा कार्डबोर्ड और गोंद.
कैसे बनाएं: कार्डबोर्ड का छोटा गोल टुकड़ा काट लें. इसके बीच में बड़ा कुंदन चिपकाएं. अब कुंदन के चारों तरफ छोटे मोती लगाकर फूल जैसा डिजाइन बनाएं. किनारे पर गोल्डन बीड्स लगाएं और पीछे मौली चिपका दें.
6. फूल वाली रंगीन राखी
फूल डिजाइन वाली राखी देखने में बहुत प्यारी लगती है और इसे अपने पसंदीदा रंग में बनाया जा सकता है.
इसके लिए चाहिए: फोम शीट या साटन रिबन, रंगीन धागा, छोटे मोती, कुंदन, कैंची और गोंद.
कैसे बनाएं: सबसे पहले फोम शीट या साटन रिबन से 5-6 छोटी पंखुड़ियां काट लें. सभी पंखुड़ियों को जोड़कर फूल का आकार दें. बीच में कुंदन या बड़ा मोती चिपकाएं. अब पीछे रंगीन धागा लगा दें. आपकी सुंदर फूल वाली राखी रेडी है.
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन गिफ्ट में साड़ी चाहिए? ये ट्रेंडी डिजाइन देखकर भाई से जरूर करें डिमांड
The post बाजार की राखी छोड़ें, इस रक्षाबंधन घर पर बनाएं ये 6 खूबसूरत DIY राखियां appeared first on Prabhat Khabar.

