महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पहाड़ी से गिरने की घटना में जान गंवाने वाले 19 वर्षीय कुणाल चांदगुड़े को लेकर उनकी मौसी ने नया दावा किया है। उनका कहना है कि कुणाल का आत्महत्या करने का इरादा नहीं था। वह केवल अपने पिता को भावुक कर उन्हें वापस परिवार के पास लाना चाहता था।

क्या मोबाइल फोन को लेकर हुआ था विवाद?

कुणाल की मौसी और उनकी मां संगीता की बहन कल्याणी डाभाड़े ने मोबाइल फोन से जुड़े उन दावों को खारिज किया, जिनमें घटना की वजह फोन को बताया जा रहा था। उन्होंने कहा कि कुणाल के पास पढ़ाई के लिए अपना मोबाइल था, जबकि उसकी मां के पास भी फोन था। उनके मुताबिक, घटना के पीछे असली परेशानी माता-पिता के बीच लंबे समय से चल रहा तनाव और गलतफहमियां थीं। कल्याणी ने कहा कि अगर कुणाल को मोबाइल चाहिए होता तो वह 20-25 हजार रुपये में सेकेंड हैंड फोन खरीद सकता था। इसलिए फोन इस घटना की वजह नहीं था।
पिता को घर वापस लाना चाहता था कुणाल
कल्याणी के मुताबिक, कुणाल अपने पिता के परिवार से अलग रहने को लेकर काफी परेशान था। वह चाहता था कि उसके पिता वापस घर लौट आएं। उन्होंने बताया कि घटना से करीब पांच-छह दिन पहले कुणाल ने अपने पिता से फोन पर बात भी की थी और उन्हें घर वापस आने के लिए कहा था। हालांकि, बातचीत के दौरान उसके पिता ने अपने माता-पिता और बहनों से जुड़ी बातों का जिक्र किया। मौसी का कहना है कि कुणाल कम उम्र का था और शायद इन पारिवारिक परिस्थितियों की जटिलता को पूरी तरह समझ नहीं पाया। लगातार बढ़ती गलतफहमियों के कारण वह परेशान रहने लगा था।
21 अगस्त को हुआ था दर्दनाक हादसा
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव इलाके में घरेलू विवाद के बाद एक परिवार के तीन सदस्यों की पहाड़ी से गिरने के कारण मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान जलता फाटा इलाके के रहने वाले 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुड़े, उनकी पत्नी संगीता और 19 वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई थी।
आर्थिक परेशानी की बात भी नकारी
कल्याणी डाभाड़े ने परिवार में किसी तरह की आर्थिक समस्या होने की बात से भी इनकार किया। उन्होंने बताया कि मुरलीधर ड्राइवर थे और परिवार के पास खेती की जमीन भी थी। उन्होंने कहा कि कुणाल के पिता उससे बहुत प्यार करते थे, भले ही वह उस समय परिवार के साथ नहीं रह रहे थे। उनके मुताबिक, कुणाल ने कभी ऐसा संकेत नहीं दिया था कि वह खुद को नुकसान पहुंचाने जैसा कोई कदम उठाने वाला है। कल्याणी ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह अचानक हुई घटना थी। उन्होंने बताया कि कुणाल के माता-पिता उससे बेहद प्यार करते थे और परिवार में आर्थिक संकट भी नहीं था।