भारत अब वेस्ट एशिया में अपने पड़ोशियों के साथ कूटनीति के नियम नए सिरे से लिखने लगा है. एक तरफ भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने 10 अगस्त 2026 को काठमांडू में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात की. दूसरी तरफ बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की. पद संभालने के बाद बालेन शाह ने पहली बार किसी विदेशी राजनयिक से वन-ऑन-वन मुलाकात की. शेख हसीना को लेकर बांग्लादेश की तल्खी और नेपाल में चीनी प्रभाव के बीच भारत से राजनयिक ये मुलाकात कर रहे हैं.
नेपाल के पीएम से मिले भारत के राजदूत
नेपाल के पीएम के साथ बैठक में दोनों देशों के संबंधों के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा हुई. बातचीत में द्विपक्षीय मित्रता, साझा हितों, विकास सहयोग और दोनों देशों के बीच चल रहे सहयोग पर विशेष ध्यान दिया गया. राजदूत श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, ‘सोमवार सुबह नेपाल के माननीय प्रधानमंत्री बालेन शाह से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं. प्रधानमंत्री मोदी की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं. भारत और नेपाल के बीच मजबूत और बहुआयामी साझेदारी को और गहरा करने पर सार्थक और उपयोगी बातचीत हुई.’

इससे पहले बालेन शाह राजदूतों के साथ अकेले मुलाकात करने के बजाय ग्रुप में बातचीत को प्राथमिकता देते रहे थे और व्यक्तिगत बैठकों से दूरी बनाए रखी थी. नेपाल न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, नवीन श्रीवास्तव के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री शाह सोमवार को ही चीन के राजदूत झांग माओमिंग के साथ अलग से एक-से-एक चर्चा करने वाले हैं. इससे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को पद संभालने के बाद भारत की ओर से यात्रा का निमंत्रण दिया गया था. हालांकि अभी तक उनका भारत दौरा नहीं हो पाया है.
बांग्लादेश में PM तारिक रहमान से मिले दिनेश त्रिवेदी
पिछले हफ्ते शेख हसीना के मीडिया से बातचीत करने को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में फिर से उत्पन्न तनाव के बीच बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 10 अगस्त को प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की. नई दिल्ली में बांग्लादेश के उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि यह मुलाकात करीब आधे घंटे चली तथा इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और एवं साझेदारी की मजबूती में मदद मिलने की उम्मीद है. ढाका में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर पदभार संभालने के छह हफ्ते से भी अधिक समय बाद त्रिवेदी की यह बांग्लादेश के प्रधानमंत्री से पहली मुलाकात है.
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब तारिक रहमान के 12-13 सितंबर को नई दिल्ली आने पर संशय बना हुआ है. भारत ने उन्हें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का न्योता दिया है, लेकिन चर्चा है कि वे इसमें शामिल नहीं हो सकते हैं. नई दिल्ली में शेख हसीना के प्रेस को संबोधित करने के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में तनाव आ गया है. शेख हसीना ने कहा है कि जेल या मौत की सजा के खतरे के बावजूद उनका दिसंबर में देश लौटने और लोकतंत्र बहाल करके देश को सही रास्ते पर लाने का पक्का इरादा है.
शेख हसीना को लेकर बांग्लादेश ने जाहिर की थी नाराजगी
बांग्लादेश ने मीडिया के साथ हुई इस बातचीत पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस घटना से वहां के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और इससे भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध बेहतर बनाने की कोशिशों पर बुरा असर पड़ सकता है. उन्होंने हसीना को ‘फरार और नरसंहार की अभियुक्त’ बताया. हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय ने सात अगस्त को कहा था कि हसीना से जुड़े उस मीडिया कार्यक्रम में उसकी कोई भूमिका नहीं थी और वह उस मंच पर बांग्लादेश सरकार के बारे में कही गई किसी भी बात का समर्थन नहीं करता है.

