ईरान ने दक्षिणी फार्स प्रांत में एक नया गैस क्षेत्र खोजने का दावा किया है। ईरान के तेल मंत्री मोहसिन पाकनेजाद ने यह जानकारी दी। ईरानी समाचार एजेंसी आईआरआईबी के मुताबिक, इस नए गैस क्षेत्र में करीब 7,500 अरब घन फीट गैस होने का अनुमान है।
पाकनेजाद ने रविवार को कहा कि 7,500 अरब घन फीट गैस की खोज हुई है। उन्होंने बताया कि 73 प्रतिशत गैस निकाली जा सकती है। इसके हिसाब से करीब 5,700 अरब घन फीट गैस निकालना संभव है। उन्होंने दावा किया कि यह मात्रा दक्षिण पार्स गैस क्षेत्र के एक ब्लॉक के बराबर है और इससे 15 साल तक गैस की आपूर्ति की जा सकती है।
पाकनेजाद ने कहा कि नई खोजी गई ‘स्वीट गैस’ है। इसका मतलब है कि इसमें सल्फर जैसी अशुद्धियां कम होती हैं। इससे गैस क्षेत्र को विकसित करने और संचालित करने की लागत कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस खोज में गैस कंडेनसेट भी मिला है। यह गैस के साथ निकलने वाला एक तरह का तरल ईंधन होता है। पाकनेजाद ने कहा कि इससे ईरान को अरबों डॉलर की नई संपत्ति मिल सकती है।
इस बीच, शनिवार को ईरान के पेट्रोलियम मंत्रालय की समाचार एजेंसी सना ने दक्षिण पार्स गैस क्षेत्र की फेज-14 रिफाइनरी को लेकर जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, यहां उत्पादन क्षमता बहाल करने का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसके ईरानी कैलेंडर वर्ष के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।
पार्स ऑयल एंड गैस कंपनी के प्रमुख तुराज देहघानी ने बताया कि रिफाइनरी पर ’12 दिन के युद्ध’ के दौरान हमला हुआ था। इसके तुरंत बाद दोबारा निर्माण का काम शुरू कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी की तीन क्षतिग्रस्त उत्पादन इकाइयों को 10 दिन से भी कम समय में फिर से चालू कर दिया गया।
देहघानी ने कहा कि चौबीसों घंटे काम और विस्तार से बनाई गई योजना के कारण आखिरी क्षतिग्रस्त उत्पादन इकाई भी साल के अंत तक फिर से उत्पादन शुरू कर देगी। उन्होंने बताया कि पार्स ऑयल एंड गैस कंपनी और नेशनल ईरानियन ऑयल कंपनी को दक्षिण पार्स गैस क्षेत्र की तीसरी और पांचवीं रिफाइनरी के पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। इन चार प्रभावित रिफाइनरी में इन दोनों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था।
उन्होंने कहा कि दोनों रिफाइनरी की सुरक्षा और मलबा हटाने का काम दो महीने से भी कम समय में पूरा कर लिया गया। देहघानी ने कहा कि काम में काफी जोखिम था, लेकिन इसके बावजूद कोई दुर्घटना नहीं हुई।


