Raksha Bandhan Recipe Ideas: रक्षाबंधन का त्योहार सिर्फ भाई के हाथों में रेशम का धागा बांधने का दिन नहीं होता है. यह भाई-बहन के बीच के प्यार, प्यारी सी नोक-झोंक और खट्टी-मीठी यादों को सेलिब्रेट करने का भी एक बहुत ही खास मौका होता है. इस दिन बहनें अपने भाई की लंबी उम्र की दुआ मांगती हैं और उसका मुंह भी मीठा कराती हैं. वैसे तो रक्षाबंधन के समय बाजार में आपको काफी आसानी से तरह-तरह की रंग-बिरंगी मिठाइयां मिल जाती हैं, लेकिन अपने हाथों से बनाई हुई डिश में जो अपनापन और स्वाद छिपा होता है, उसकी बात ही कुछ अलग होती है।.

अगर आप भी इस रक्षाबंधन वही पुरानी मिठाइयां और बोरिंग चीजें खाकर ऊब चुके हैं, तो इस साल आपको इन्हें खाने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है. आज हम आपको 5 ऐसी सुपर टेस्टी और आसान रेसिपीज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें घर पर ही बनाकर आप अपने भाई का दिल जीत सकती हैं और साथ ही इस खास दिन को और भी ज्यादा खास बना सकती हैं. तो चलिए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं.

रक्षाबंधन को स्पेशल बना देगा केसरिया मावा पेड़ा
रक्षाबंधन के मौके पर घर पर पेड़ा बनाना और अपने भाई को खिलाना बहुत ही ज्यादा शुभ माना जाता है. इसे बनाना इतना ज्यादा आसान होता है कि आप इसे पहली बार में ही बिल्कुल परफेक्ट बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए आपको आपको खोया, चीनी, इलायची पाउडर और थोड़े से केसर की जरुरत पड़ेगी. केसरिया मावा पेड़ा बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाई लें और मावे को धीमी आंच पर तब तक भूनें जब तक उसका रंग हल्का गोल्डन न हो जाए. जब मावा थोड़ा ठंडा हो जाए, तो उसमें पिसी हुई चीनी, इलायची और दूध में भिगोया हुआ केसर मिला लें. इसके बाद इन सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करके हाथों से छोटे-छोटे पेड़े बना लें. लास्ट में ऊपर से थोड़ा सा कटा हुआ बादाम या पिस्ता लगा दें.
कुछ बढ़िया और हैवी खाना है तो शाही पनीर और पूरियां
अगर आपको रक्षाबंधन की दोपहर या फिर रात को कुछ बढ़िया और हैवी खाने का मन करे, तो आप शाही पनीर और पूरियों को काफी आसानी से घर पर बना सकती हैं. शाही पनीर एक ऐसी डिश है जो बच्चे से लेकर बड़े तक, सबको बहुत पसंद आती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले प्याज, टमाटर, काजू और अदरक-लहसुन को पीसकर पेस्ट बना लें. अब एक कढ़ाई में तेल या बटर गरम करें और इस पेस्ट को अच्छे से भूनें. इसके बाद इसमें हल्दी, गरम मसाला, थोड़ी सी कसूरी मेथी और फ्रेश मलाई डाल दें. जब ग्रेवी पक जाए, तो पनीर के टुकड़े डालकर 5 मिनट धीमी आंच पर पकाएं. गर्मागर्म फूली हुई पूरियों के साथ इसे परोसें, आपका भाई उंगलियां चाटता रह जाएगा.
अगर समय कम है तो ट्राई करें सूजी और नारियल के लड्डू
अगर रक्षाबंधन के दिन आपके पास समय की कमी हो रही है और आप कुछ इंस्टेंट मीठा बनाना चाहती हैं, तो सूजी-नारियल के लड्डू आपके लिए सबसे बेहतरीन चॉइस साबित होने वाले हैं. इसे बनाना आप जितना सोच रही हैं उससे भी ज्यादा आसान और मजेदार है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में थोड़ा सा देसी घी गरम करें. इसके बाद उसमें सूजी डालकर हल्की खुशबू आने तक भून लें. अब उसी में कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर 2 मिनट और भूनें. अब गैस बंद कर दें और इसमें पिसी हुई चीनी, कटे हुए काजू-बादाम और थोड़ा सा दूध छिड़क कर मिक्स करें. जब मिक्सचर हल्का गरम हो, तो हाथों से गोल-गोल लड्डू बना लें। सूजी और नारियाल के ये लड्डू बहुत ही सॉफ्ट और टेस्टी बनते हैं.
ये भी पढ़ें: नमकीन से लेकर मीठे तक, मखाने से बनाएं ये 5 इंस्टेंट स्नैक्स, मिटेगी शाम की भूख और चाय का मजा भी होगा दोगुना
मीठा खाते-खाते थक गए तो ट्राई करें क्रिस्पी पनीर टिक्का
त्योहार के दिन अक्सर ऐसा होता है कि पूरे दिन मीठा खाते रहने की वजह से मुंह का पूरा स्वाद ही बदल जाता है. ऐसे में अगर शाम के समय कुछ चटपटा और क्रिस्पी खाने को मिल जाए, तो मजा हो आ जाता है. अगर आप कुछ चटपटा और क्रिस्पी खाना चाहते हैं तो आपको पनीर टिक्का ट्राई करना चाहिए. इसे बनाने के लिए सबसे पहले पनीर, शिमला मिर्च और प्याज को बड़े-बड़े चौकोर टुकड़ों में काट लें. अब एक बाउल में गाढ़ा दही लें और फिर उसमें थोड़ा सा बेसन, लाल मिर्च, भुना जीरा, चाट मसाला, नमक और नींबू का रस डालकर फेंट लें. अब इसमें पनीर और सब्जियों के टुकड़ों को मिलाकर आधे घंटे के लिए रख दें. इसके बाद तवे पर थोड़ा सा तेल या बटर डालकर इन्हें दोनों तरफ से अच्छा सेक लें. इसे हरी चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें.
त्योहार को स्पेशल बनाने के लिए ठंडी और मलाईदार खीर
हमारे यहां किसी भी शुभ कार्य के दौरान या फिर त्योहार के मौके पर खीर बनाना बहुत ही कॉमन सी बात होती है. ऐसे में इस स्पेशल दिन को और भी यादगार बनाने के लिए चावल की खीर आपके लिए एक परफेक्ट ऑप्शन है. इसे बनाना बहुत ही आसान होता है और यह खाने में भी बहुत ही टेस्टी होती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दूध को उबालने के लिए रखें. जब दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तो उसमें पहले से भीगे हुए चावल डाल दें. अब इसे धीमी आंच पर धीरे-धीरे पकने दें ताकि चावल दूध में अच्छी तरह घुल जाएं. जब खीर गाढ़ी हो जाए, तो इसमें चीनी, इलायची पाउडर और अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स मिला दें. लास्ट में खीर को थोड़ी देर फ्रिज में ठंडा होने दें और फिर अपने भाई को खिलाएं.
ये भी पढ़ें: हर शाम समोसे और पकौड़े खाकर नहीं बिगाड़ना चाहते सेहत? ट्राय करें सूजी से बनने वाले ये 5 इंस्टेंट स्नैक्स
The post रक्षाबंधन पर भाई को सरप्राइज देना है तो जरूर बनाएं ये 5 टेस्टी रेसिपीज, प्यार के साथ मिलेगा स्वाद का परफेक्ट तड़का appeared first on Prabhat Khabar.
