
Relationship Trends: प्यार करने का तरीका समय के साथ बदलता रहा है. पहले जहां रिश्ते धीरे-धीरे आगे बढ़ते थे और कई बातें बिना कहे ही समझ ली जाती थीं, वहीं आज की नई पीढ़ी यानी Gen Z रिश्तों को लेकर खुलकर बात करना पसंद करती है. उनके लिए किसी भी रिश्ते की शुरुआत, उसकी सीमाएं और उम्मीदें साफ होना जरूरी माना जाता है. यही वजह है कि कई बार Millennials को Gen Z की डेटिंग स्टाइल थोड़ी अलग या उलझी हुई लगती है.
असल में, यह सही या गलत का मामला नहीं है. दोनों पीढ़ियों की सोच, माहौल और अनुभव अलग रहे हैं. सोशल मीडिया, ऑनलाइन डेटिंग और बदलती लाइफस्टाइल ने रिश्तों को देखने का नजरिया भी बदल दिया है. आइए जानते हैं कि Gen Z की डेटिंग की कौन-सी आदतें Millennials को सबसे ज्यादा हैरान करती हैं.
डेटिंग का मतलब हमेशा एक्सक्लूसिव रिश्ता नहीं होता
Millennials के लिए अगर दो लोग लगातार मिल रहे हैं, तो अक्सर माना जाता था कि वे एक-दूसरे के लिए ही हैं. लेकिन Gen Z इस बात को मानकर नहीं चलता. उनके लिए एक्सक्लूसिव रिलेशनशिप तभी शुरू होती है, जब दोनों लोग इस पर खुलकर सहमति जताएं. इसलिए सिर्फ डेट पर जाना हमेशा कमिटमेंट का संकेत नहीं माना जाता.
‘टॉकिंग स्टेज’ को भी रिश्ते का हिस्सा मानते हैं
Gen Z में “टॉकिंग स्टेज” काफी आम हो गई है. इस दौरान दो लोग एक-दूसरे से बात करते हैं, पसंद-नापसंद समझते हैं और यह जानने की कोशिश करते हैं कि वे एक-दूसरे के साथ सहज हैं या नहीं. इस समय तक वे खुद को कपल नहीं कहते. कई Millennials इसे सामान्य दोस्ती या शुरुआती डेटिंग मानते हैं, लेकिन Gen Z इसे रिश्ते का अलग स्टेप्स समझती है.
सोशल मीडिया पर धीरे-धीरे करते हैं रिश्ता पब्लिक
आज की पीढ़ी अपने रिश्तों को तुरंत सोशल मीडिया पर शेयर करने की बजाय धीरे-धीरे सामने लाना पसंद करती है. कभी साथ की किसी जगह की तस्वीर, कभी हाथ की झलक या किसी खास पल की फोटो शेयर करके वे इशारों में अपने रिश्ते की जानकारी देते हैं. इसे “सॉफ्ट लॉन्च” कहा जाता है. इससे उन्हें अपनी प्राइवेसी बनाए रखने का मौका भी मिलता है.
यह भी पढ़ें: रिश्ता अच्छा होने के बाद भी क्यों हो जाती है चीटिंग? जानिए रिसर्च क्या कहता है
शुरुआत में ही खुलकर करते हैं भावनाओं की बात
Gen Z रिश्ते की शुरुआत में ही अपनी उम्मीदों, कम्युनिकेशन स्टाइल, पर्सनल बाउंड्री और इमोशनल जरूरतों पर बात करने से नहीं हिचकिचाती. उनका मानना है कि खुलकर बातचीत करने से गलतफहमियां कम होती हैं. वहीं कई Millennials इन विषयों पर बात करने के लिए थोड़ा समय लेना पसंद करते हैं.
जब बात न बने, तो जल्दी आगे बढ़ने में विश्वास
अगर Gen Z को शुरुआत में ही लगता है कि सोच, आदतें या भविष्य की उम्मीदें मेल नहीं खा रहीं, तो वे रिश्ते को आगे बढ़ाने की बजाय अलग होने का फैसला जल्दी ले सकते हैं. उनके लिए मानसिक सुकून और सही तालमेल काफी मायने रखता है. वहीं कुछ Millennials मानते हैं कि रिश्तों को समय जरूरी होता है.
हर पीढ़ी का अपना नजरिया होता है
रिश्तों को लेकर कोई एक तरीका सभी पर लागू नहीं होता. हर व्यक्ति की पसंद, सोच और अनुभव अलग होते हैं. Gen Z और Millennials के बीच डेटिंग को लेकर फर्क जरूर दिखता है, लेकिन दोनों की चाहत एक जैसी है. ऐसा रिश्ता, जिसमें भरोसा, सम्मान और समझ बनी रहे. समय के साथ डेटिंग के तरीके बदल सकते हैं, लेकिन एक अच्छे रिश्ते की बुनियाद आज भी वही है.
यह भी पढ़ें: बिना एक भी रुपये खर्च किए बनाएं यादगार संडे, पार्टनर के साथ करें ये प्यारी चीजें
The post Gen Z का प्यार जताने का तरीका है अलग, Millennials क्यों हो जाते हैं कन्फ्यूज? appeared first on Prabhat Khabar.


