09:12 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: साक्षी ने जीता स्वर्ण पदक
भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया है। साक्षी ने महिला 51 किग्रा वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड की रुबी व्हाइट को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया। साक्षी ने तीनों ही राउंड में अपना दबदबा दिखाया और व्हाइट को किसी भी क्षण अपने ऊपर हावी होने नहीं दिया। तीसरा राउंड खत्म होने के बाद जहां साक्षी आधिकारिक नतीजे से पहले ही जश्न मनाने लगीं, वहीं अपनी संभावित हार को देखते हुए व्हाइट के आंसू छलक पड़े। भारत ने मुक्केबाजी में अब तक तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है।
09:07 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: जूडोका उन्नति ने जीता कांस्य
जूडोका उन्नति शर्मा ने महिला 63 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया है। उन्नति ने कांस्य पदक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की स्काई कोनोस्टर को हराया।
09:03 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: पहला राउंड साक्षी के नाम
साक्षी ने पहला राउंड अपने नाम कर लिया है। साक्षी ने व्हाइट के खिलाफ महिला 51 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहला राउंड सर्वसम्मत फैसले में जीता। अब दूसरा राउंड खेला जा रहा है।
09:00 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: साक्षी का मुकाबला
महिला मुक्केबाज साक्षी चौधरी का फाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। साक्षी महिला 51 किग्रा वर्ग के स्वर्ण पदक मुकाबले में उतरी हैं। साक्षी के सामने इंग्लैंड की रुबी व्हाइट हैं।
06:58 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: उन्नति सेमीफाइनल में हारीं
उन्नति शर्मा महिला 63 किग्रा के सेमीफाइनल में हार गईं। उन्नति को ऑस्ट्रेलिया की साया मिडलटाउन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। अब वह कांस्य पदक मुकाबले में चुनौती पेश करेंगी।
06:32 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: लॉन बॉल में मिली निराशा
नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की भारतीय जोड़ी का राष्ट्रमंडल खेलों की लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में शानदार अभियान शनिवार को पुरुषों की पेयर्स स्पर्धा के सेक्शन मुकाबले में इंग्लैंड के निक ब्रेट और जेमी वॉकर के खिलाफ टाई-ब्रेकर में हार के साथ थम गया।
06:20 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: जूडो रेपचेज के नतीजे
- हर्ष टोकस ने रेपचेज दौर में समोआ के पेनिआमिना पेरसिवेल के खिलाफ पुरुष 81 किग्र का मुकाबला जीता। हर्ष कांस्य पदक मुकाबले में पहुंच गए हैं।
- महिला 70 किग्रा वर्ग के रेपचेज दौर में इनुनगांबी तखेलाबाम को हार का सामना करना पड़ा। वह इस तरह पदक की दौड़ से बाहर हो गईं।
- करणजीत सिंह मान को स्कॉटलैंड के स्कॉट कुसैक के खिलाफ रेपचेज दौर में हार मिली। करणजीत का सफर यहीं समाप्त हो गया।
05:10 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: जूडो क्वार्टर फाइनल के नतीजे
- जूडोका उन्नति शर्मा ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्नति ने महिला 63 किग्रा क्वार्टर फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी को हराया।
- हर्ष टोकस को पुरुष 81 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उनके पास हालांकि, रेपचेज के जरिये पदक की दौड़ में बने रहने का मौका होगा, अगर अंतिम आठ में उनके विरोधी रहे ओडिसियस फाइनल में पहुंचने में सफल रहे।
- महिला 70 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में इनुनगांबी तखेलाबाम अपना मुकाबला हार गईं। कनाडा की चार्ली थिबॉलट ने यह मुकाबला जीता। अगर थिबॉलट फाइनल में पहुंचने में सफल रहीं तो इनुनगांबी के पास रेपचेज के जरिये पदक की दौड़ में बने रहने का मौका रहेगा।
- कनाडा के गुइलॉमे गॉलिन ने पुरुष 90 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में करणजीत सिंह मान को हराया। गॉलिन अगर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे तो करणजीत के पास रेपचेज के जरिये पदक की दौड़ में बने रहने का मौका रहेगा।
05:05 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: पैरा शॉट पुट में दो पदक
भारत को पैरा एथलेटिक्स में दोहरी सफलता मिली है। भारत के सोमन राणा ने स्वर्ण और शुभम जुयाल ने रजत पदक अपने नाम किया है। सोमन ने 13.40 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से स्वर्ण पदक जीता। वहीं, जुयाल ने 13.28 मीटर के प्रयास से रजत पदक अपने नाम किया। सोमन का पहला प्रयास 13.38 मीटर का रहा जो स्वर्ण जीतने के लिए काफी था। लेकिन उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 13.40 मीटर का प्रयास किया जो उनका फाइनल में सर्वश्रेष्ठ प्रयास रहा। वहीं, शुभम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर उनके छठे और आखिरी प्रयास में आया। सोमन राणा का स्वर्ण भारत का ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में आठवां गोल्ड मेडल है।
04:56 PM, 01-Aug-2026
CWG 2026 Day-10 Live: जादूमणि को मिला रजत
जादूमणि सिंह ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता है। जादूमणि को ऑस्ट्रेलिया के झाई डिक्सन के खिलाफ पुरुष 55 किग्रा वर्ग के फाइनल में सर्वसम्मत फैसले में 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। जादूमणि ने पहला राउंड खंडित फैसले में अपने नाम किया था, लेकिन डिक्सन ने अगले दोनों राउंड में दमदार वापसी की और स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। जादूमणि से पहले भारत को प्रीति और जैस्मिन ने मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक दिलाए थे। जादूमणि के रजत जीतने के बाद भारत ने मुक्केबाजी में अब तक तीन पदक अपने नाम कर लिए हैं।


