
Sofa Cleaning Tips: घर का सोफा सिर्फ बैठने की जगह नहीं होता, बल्कि यह पूरे लिविंग रूम की खूबसूरती भी बढ़ाता है. परिवार के साथ समय बिताना हो या मेहमानों का स्वागत करना, सोफे का इस्तेमाल लगभग हर दिन होता है. ऐसे में उस पर धूल, मिट्टी, खाने-पीने के दाग, पालतू जानवरों के बाल और कई तरह के बैक्टीरिया जमा होने लगते हैं. कई बार सोफा ऊपर से बिल्कुल साफ दिखाई देता है, लेकिन उसकी सिलाई, कोनों और कुशन के बीच काफी गंदगी छिपी होती है. इसलिए समय-समय पर इसकी अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है.
सबसे पहले धूल हटाएं
सोफे की सफाई शुरू करने से पहले उस पर जमी धूल और मिट्टी को हटाएं. अगर घर में वैक्यूम क्लीनर है, तो उससे कोनों और कुशन के बीच की धूल आसानी से निकल जाएगी. अगर वैक्यूम नहीं है, तो मुलायम ब्रश या सूखे कपड़े से भी सफाई की जा सकती है.
पहले जानें सोफा किस फैब्रिक का है
हर सोफे की सफाई का तरीका अलग होता है. इसलिए सफाई करने से पहले यह जरूर देखें कि आपका सोफा लेदर, वेलवेट, माइक्रोफाइबर या किसी दूसरे फैब्रिक का है. गलत तरीके से सफाई करने पर कपड़ा खराब हो सकता है या उसका रंग फीका पड़ सकता है.
घर पर बनाएं आसान क्लीनिंग सॉल्यूशन
हल्के दाग हटाने के लिए गुनगुने पानी में थोड़ा डिश वॉश लिक्विड या हल्का शैंपू मिलाएं. चाहें तो इसमें एक से दो चम्मच सफेद सिरका भी डाल सकते हैं. अब माइक्रोफाइबर कपड़े को इस घोल में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें और सोफे को हल्के हाथों से साफ करें. ध्यान रखें कि सोफे पर ज्यादा पानी न लगे.
बदबू दूर करेगा बेकिंग सोडा
अगर सोफे से बदबू आ रही है, तो उस पर थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़क दें. इसे 20 से 30 मिनट तक रहने दें और फिर वैक्यूम क्लीनर या मुलायम ब्रश से साफ कर लें. इससे बदबू कम होगी और धूल भी निकल जाएगी.
नींबू और सिरका भी हैं फायदेमंद
हल्के दाग हटाने के लिए दाग वाली जगह पर थोड़ा नींबू का रस लगाएं और 15 मिनट बाद साफ कपड़े से पोंछ दें. इसके अलावा बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिलाकर स्प्रे करने से भी दाग और बदबू कम करने में मदद मिलती है.
यह भी पढ़ें: तकिए से आ रही है अजीब बदबू? बिना धोए इन 4 आसान तरीकों से करें मिनटों में फ्रेश


