अमर उजाला देहरादून के संपादक अनूप वाजपेई के पिता वरिष्ठ रंगकर्मी एवं अभिनेता श्री प्रकाश बाजपेई का शुक्रवार रात लखनऊ में 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से रंगमंच, फिल्म और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार को लखनऊ में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इन दिनों वह गोमती नगर स्थित अपनी बेटी मनीषा तिवारी के साथ रह रहे थे। अंतिम दर्शन और विदाई के लिए बड़ी संख्या में पत्रकार, रंगकर्मी, कलाकार, समाजसेवी, राजनेता और शुभचिंतक पहुंचे। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उनके निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
श्री प्रकाश वाजपेई की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उनके बड़े पुत्र आलोक वाजपेई, जो बेंगलुरु में बैंक अधिकारी हैं, छोटे पुत्र अनूप वाजपेई, जो अमर उजाला देहरादून के संपादक हैं, तथा पुत्री मनीषा तिवारी हैं। पिछले कुछ समय से वह लखनऊ में अपनी पुत्री के साथ रह रहे थे।

