Khurma Recipe: बिहार अपने पारंपरिक व्यंजनों और मिठाइयों के लिए पूरे देश में मशहूर है. यहां की हर मिठाई का अपना अलग स्वाद और इतिहास है. ऐसी ही एक खास मिठाई है बिहार का खुरमा, जिसे भोजपुर और शाहाबाद क्षेत्र में लोग बड़े चाव से खाते हैं. यह मिठाई बाहर से हल्की सख्त और अंदर से मुलायम होती है.
यह मिठाई सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों के बीच भी काफी फेमस है. अमेरिका, सऊदी अरब, मॉरीशस समेत कई देशों में लोग इस मिठाई को अपने साथ लेकर जाते हैं. अगर आप भी बिहार का असली स्वाद घर पर लेना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी (Khurma Recipe) को ट्राई कर सकते हैं.
खुरमा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 500 ग्राम ताजा छेना (पनीर)
- 2 कप चीनी
- 3 कप पानी
- 2 से 3 छोटी इलायची (पाउडर)
- 1 छोटा चम्मच गुलाब जल (वैकल्पिक)
- थोड़े से कटे हुए पिस्ता या बादाम (गार्निश के लिए)

सबसे पहले तैयार करें छेना (Khurma Recipe)
अगर बाजार का ताजा छेना उपलब्ध नहीं है, तो दूध फाड़कर घर पर भी छेना तैयार किया जा सकता है. ध्यान रखें कि छेना ज्यादा सूखा न हो. इसे हल्के हाथों से मसलें और फिर बड़े-बड़े चौकोर या मनचाहे आकार के टुकड़ों में काट लें.
चाशनी बनाने का तरीका
एक गहरे बर्तन में पानी और चीनी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. जब चीनी पूरी तरह घुल जाए, तो इसे कुछ मिनट तक उबलने दें. खुरमा के लिए बहुत गाढ़ी चाशनी की जरूरत नहीं होती. हल्की चाशनी तैयार होने पर गैस धीमी कर दें.
ऐसे बनाएं बिहार स्पेशल खुरमा
अब तैयार किए गए छेना के टुकड़ों को धीरे-धीरे चाशनी में डालें. इन्हें तेज आंच पर नहीं, बल्कि धीमी आंच पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक पकाएं. बीच-बीच में हल्के हाथों से चलाते रहें ताकि टुकड़े टूटें नहीं. धीरे-धीरे छेना चाशनी को सोखने लगेगा और उसका रंग हल्का सुनहरा या भूरा होने लगेगा. यही इसकी खास पहचान है.
आखिर में दें शानदार फ्लेवर
जब खुरमा (Khurma Recipe) अच्छी तरह पक जाए, तो गैस बंद कर दें. इसमें इलायची पाउडर और चाहें तो कुछ बूंदें गुलाब जल की मिला दें. अब इसे करीब एक घंटे तक ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद खुरमा का स्वाद और भी बेहतर हो जाता है. ऊपर से कटे हुए पिस्ता या बादाम डालकर सर्व करें.
खुरमा बनाते समय रखें ये बातें
- हमेशा ताजा और मुलायम छेना ही इस्तेमाल करें.
- चाशनी बहुत ज्यादा गाढ़ी न बनाएं, वरना मिठाई का टेक्सचर खराब हो सकता है.
- पकाते समय आंच धीमी रखें, तभी खुरमा का असली स्वाद आता है.
- छेना को ज्यादा न चलाएं, नहीं तो वह टूट सकता है.
- तैयार खुरमा को पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही परोसें.
यह भी पढ़ें: बारिश में कुछ कुरकुरा खाने का है मन? घर पर ट्राई करें क्रिस्पी प्याज के पकौड़े

