साल 2001 में आमिर खान फिल्म ‘लगान’ लेकर आए थे, जिसे काफी पसंद किया. अब इस फिल्म को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो गए हैं. इस खास अचीवमेंट को सेलिब्रेट करने के लिए आमिर खान ने एक ग्रैंड पार्टी का आयोजन किया, जिसमें इंडस्ट्री के कई बड़े सेलेब्स शामिल हुए. इस पार्टी में बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा रेखा भी शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने आमिर खान के साथ काम करने की इच्छा जताई. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा.
‘मेरा आमिर खान के साथ काम करने का सपना है’
आमिर खान की प्रोडक्शन कंपनी ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें रेखा को स्टेज पर बोलते हुए देखा जा सकता है. उन्होंने कहा, ‘मैं कहना चाहती हूं कि मेरा एक सपना है. मैं सच में चाहती हूं और प्रार्थना करती हूं कि ये सच हो और वो सपना है इस लड़के (आमिर खान) के साथ काम करना.’
ये भी पढ़ें:- Photos: आमिर खान की पार्टी में छाईं एक्स-वाइफ किरण राव, बेटे आजाद ने भी लूटी महफिल, देखें फोटोज
आज तक रिलीज नहीं हुई रेखा और आमिर खान की फिल्म ‘टाइम मशीन’
इस दौरान रेखा ने खुलासा किया कि उन्होंने और आमिर ने ‘टाइम मशीन’ नाम की फिल्म में साथ काम करने वाले थे, जिसकी शूटिंग भी शुरू हुई. हालांकि, ये फिल्म आज तक रिलीज नहीं हो पाई. रेखा ने कहा, ‘ओह! हमने सच में इसकी शूटिंग भी की थी. शेखर कपूर ‘टाइम मशीन’ नाम की फिल्म बना रहे थे. वो रिलीज नहीं हुई.’
‘टाइम मशीन’ के बारे में जानिए
बता दें कि शेखर कपूर ने 1992 में फिल्म ‘टाइम मशीन’ का ऐलान किया था. ये एक साइंस-फिक्शन फिल्म थी, जिसकी शूटिंग भी शुरू हो चुकी थी. इस फिल्म में आमिर खान, रेखा, नसीरुद्दीन शाह, रवीना टंडन, गुलशन ग्रोवर और विजय आनंद जैसे कई एक्टर्स शामिल थे.
ये भी पढ़ें:- Video: ‘लगान’ के इवेंट में पति जय मेहता को पोज देने के लिए गाइड करती दिखीं जूही चावला, वीडियो हुआ वायरल
हालांकि, शूटिंग के बीच फाइनेंशियल दिक्कतों और शेखर कपूर के अमेरिका चले जाने के कारण ये प्रोजेक्ट बंद कर दिया गया. साल 2008 में शेखर कपूर ने नई कास्ट के साथ फिल्म को फिर से शुरू करने का ऐलान किया, लेकिन ये प्रोजेक्ट कभी पूरा नहीं हो सका.


