अमेरिकी सेना ने बुधवार रात ईरान में एक सैन्य ठिकाने पर नए हवाई हमले किए. रॉयटर्स को एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई उस ठिकाने के खिलाफ की गई, जिसे अमेरिकी बलों और होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों के लिए खतरा माना जा रहा था. अधिकारी ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना ने कई ईरानी ड्रोन को भी मार गिराया, जिन्हें संभावित खतरा समझा गया था.
गोपनीय रखी गई थी कार्रवाई
अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि इन हमलों की जानकारी पहले सार्वजनिक नहीं की गई थी. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब तीन महीने से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत चल रही है. 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों के साथ शुरू हुए इस संघर्ष में हजारों लोगों की मौत हो चुकी है और वैश्विक ऊर्जा कीमतों में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ट्रंप का बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरानी सरकारी मीडिया की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि शांति समझौते के तहत ईरान और ओमान मिलकर होर्मुज स्ट्रेट में जहाजरानी का प्रबंधन करेंगे. ट्रंप ने स्पष्ट कहा कि यह महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग खुला रहेगा.
सोमवार को भी हुए थे हमले
अमेरिका ने इससे पहले सोमवार को भी ईरान के खिलाफ ‘रक्षात्मक कार्रवाई’ के नाम पर हमले किए थे. ईरान ने इन हमलों को दोनों देशों के बीच लागू नाजुक युद्धविराम का उल्लंघन बताया था. अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड के अनुसार, उस कार्रवाई में बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश कर रही नौकाओं और मिसाइल लॉन्च साइट्स को निशाना बनाया गया था, जिन्हें अमेरिकी बलों के लिए खतरा माना गया था.

