आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का सफर खत्म होने के बाद टीम और कप्तान हार्दिक पंड्या को लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है. खबरें तेजी से वायरल होने लगीं कि हार्दिक पंड्या ने मुंबई इंडियंस को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है और टीम से जुड़े सभी पोस्ट भी डिलीट कर दिए हैं. इसके बाद फैंस के बीच कई तरह के सवाल उठने लगे कि क्या मुंबई इंडियंस और हार्दिक पंड्या के रिश्तों में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा.
खराब प्रदर्शन के बाद टीम से बाहर हुए हार्दिक
IPL 2026 हार्दिक पंड्या के लिए बेहद निराशाजनक रहा. कप्तान होने के बावजूद वह ना बल्लेबाजी में प्रभाव छोड़ पाए और ना ही गेंदबाजी में टीम को फायदा पहुंचा सके. मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी पूरे सीजन में अस्थिर रहा, जिसके चलते टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई. खराब फॉर्म को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने बड़ा फैसला लेते हुए हार्दिक पंड्या को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया. उनकी जगह टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंप दी गई. हालांकि कप्तानी में बदलाव के बावजूद मुंबई इंडियंस अपनी स्थिति सुधार नहीं सकी.
सोशल मीडिया पर क्यों मचा बवाल?
हार्दिक पंड्या के टीम से बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर अचानक खबरें आने लगीं कि उन्होंने मुंबई इंडियंस को अनफॉलो कर दिया है. साथ ही उनके अकाउंट से टीम से जुड़े पोस्ट भी गायब दिखाई दिए. इसके बाद फैंस ने अलग-अलग तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि हार्दिक अगले सीजन में किसी दूसरी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन सकते हैं. किसी ने चेन्नई सुपर किंग्स का नाम लिया तो कुछ लोगों ने कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ी चर्चाएं शुरू कर दीं. इसके अलावा टीम के सीनियर खिलाड़ियों के साथ उनके रिश्तों को लेकर भी सोशल मीडिया पर बातें होने लगीं.
यह भी पढ़ें- बिना एक भी छक्का लगाए ODI में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 6 बल्लेबाज, लिस्ट में ये भारतीय दिग्गज टॉप पर
क्या है वायरल खबर की असली सच्चाई?
हालांकि बाद में स्थिति साफ हो गई. हार्दिक पंड्या ने कुछ समय के लिए मुंबई इंडियंस को अनफॉलो जरूर किया था और कुछ पोस्ट भी हटाए थे, लेकिन बाद में उन्होंने फ्रेंचाइजी को फिर से फॉलो कर लिया. फिलहाल दोनों के बीच किसी आधिकारिक विवाद की पुष्टि नहीं हुई है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कई बातें केवल अटकलें मानी जा रही हैं. मुंबई इंडियंस या हार्दिक पंड्या की ओर से किसी बड़े विवाद को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
IPL 2026 में हार्दिक का प्रदर्शन रहा खराब
हार्दिक पंड्या ने IPL 2026 में 8 मुकाबलों में केवल 146 रन बनाए. उनका बल्लेबाजी औसत 20.8 रहा. वहीं गेंदबाजी में भी वह सिर्फ 4 विकेट ही ले सके. सबसे चिंता की बात उनका 11.9 का इकॉनमी रेट रहा, जिसने टीम पर अतिरिक्त दबाव बनाया. मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन और हार्दिक की फॉर्म ने पूरे सीजन में टीम को मुश्किल में रखा. अब फैंस की नजर इस बात पर रहेगी कि अगले सीजन में हार्दिक और मुंबई इंडियंस की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ती है.


