
Vastu Tips: शादी के लिए अच्छा रिश्ता तलाश रहे हैं, लेकिन बार-बार कोशिश के बाद भी बात आगे नहीं बढ़ रही? अगर लंबे समय से सही पार्टनर की तलाश पूरी नहीं हो पा रही है, तो एक बार अपने बेडरूम पर भी ध्यान दें. वास्तु शास्त्र में बेडरूम को रिश्तों और दांपत्य जीवन से जुड़ा खास स्थान माना जाता है. मान्यता है कि कमरे की दिशा, सजावट और आसपास का माहौल रिश्तों के लिए सकारात्मक वातावरण बनाने में मदद कर सकता है.
हालांकि, ये बातें वास्तु मान्यताओं पर आधारित हैं. इन्हें किसी रिश्ते की सफलता की गारंटी नहीं माना जाना चाहिए. आइए जानते हैं बेडरूम में कौन से छोटे बदलाव किए जा सकते हैं.
कमरे में रखें जोड़े वाली चीजें
बेडरूम में अगर ज्यादातर सामान अकेले-अकेले रखा है, तो कुछ चीजों को जोड़े में रखने की कोशिश कर सकते हैं. जैसे बेड पर दो तकिए, दोनों तरफ एक जैसी साइड टेबल या कमरे में दो सजावटी कुर्सियां. वास्तु मान्यता के अनुसार, जोड़ी में रखी चीजें पार्टनरशिप और साथ का प्रतीक मानी जाती हैं.
बेड की दिशा पर दें ध्यान
वास्तु के अनुसार, बेडरूम में बेड की दिशा भी महत्वपूर्ण मानी जाती है. अच्छे वैवाहिक जीवन के लिए बेड को कमरे के नॉर्थ-वेस्ट हिस्से में रखने की सलाह दी जाती है. साथ ही बेड को दीवार से पूरी तरह चिपकाकर रखने के बजाय दोनों तरफ थोड़ी जगह रखना बेहतर माना जाता है.

अकेलेपन वाली तस्वीरें हटाएं
अगर कमरे की दीवार पर ऐसी तस्वीरें लगी हैं, जिनमें कोई व्यक्ति अकेला दिखाई देता है या उदासी का एहसास होता है, तो उनकी जगह कपल या जोड़े को दर्शाने वाली तस्वीर लगा सकते हैं. वास्तु मान्यताओं में साउथ-वेस्ट दिशा में जोड़े वाली तस्वीर या सजावटी कला रखना रिश्तों के लिए अच्छा माना जाता है.
कमरे में हल्के रंगों का इस्तेमाल करें
बेडरूम में बहुत ज्यादा गहरे या ठंडे रंगों की जगह हल्के और सॉफ्ट शेड्स इस्तेमाल किए जा सकते हैं. पेस्टल पिंक, पीच, रोज गोल्ड और वॉर्म बेज जैसे रंग कमरे को शांत और आरामदायक लुक देते हैं. वास्तु में भी इन रंगों को रिश्तों के लिए सकारात्मक माहौल से जोड़ा जाता है.
गैरजरूरी सामान कमरे से हटाएं
बेडरूम में टीवी, लैपटॉप, कई मोबाइल, चार्जर और ऑफिस का सामान फैला रहने से कमरा अस्त-व्यस्त लग सकता है. इसलिए गैरजरूरी इलेक्ट्रॉनिक सामान हटाकर कमरे को साफ और व्यवस्थित रखें. चाहें तो हल्के पिंक रंग का क्रिस्टल ट्री जैसे सजावटी सामान का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: घर की इन जगहों पर बैठकर भूलकर भी न खाएं खाना, वास्तु में माना जाता है अशुभ
The post शादी की बात बार-बार अटक रही? वास्तु के अनुसार बेडरूम में करें ये 5 बदलाव appeared first on Prabhat Khabar.

