अमेरिका दौरे पर पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को लेकर बड़ा संदेश दिया। जिनपिंग ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच प्रतिस्पर्धा स्वस्थ होनी चाहिए और इसकी एक सीमा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक-दूसरे से आगे निकलने की दौड़ हो, ऐसी कुश्ती नहीं जिसमें किसी एक की जीत और दूसरे की हार हो।

‘सहयोग की काफी गुंजाइश’
जिनपिंग ने कहा कि चीन और अमेरिका के हित एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग की काफी गुंजाइश है। उन्होंने दोनों देशों से ईमानदारी के साथ सहयोग करने और संवाद मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया की कई समस्याओं को अमेरिका और चीन के साथ आए बिना हल करना मुश्किल होगा।
चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों को संघर्ष और टकराव से बचने की स्थिति बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने अमेरिका और चीन की सेनाओं के बीच नियमित संवाद और संकट के समय संचार व्यवस्था बेहतर करने की जरूरत भी बताई।
ट्रंप ने बताया ‘बेहद अच्छी दोस्ती’
वहीं, ट्रंप ने शी जिनपिंग के साथ अपने रिश्ते को ‘बेहद अच्छी दोस्ती’ बताया। उन्होंने कहा कि 2016 में पहली बार राष्ट्रपति चुने जाने के समय से दोनों नेताओं के बीच आपसी सम्मान और दोनों देशों के हितों पर आधारित संबंध रहे हैं।
यह भी पढ़ें: रूस का यूक्रेन पर हमला: मिसाइल-ड्रोन अटैक में आठ की मौत, 12 घायल; यूएन में शांति की अपील के बीच भी जंग जारी
व्हाइट हाउस में शी के लिए ट्रंप की खास दावत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप गुरुवार शाम व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। भारतीय समय के अनुसार यह कार्यक्रम शुक्रवार सुबह होगा। रात्रिभोज में दोनों देशों के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ कारोबारी और सरकारी अधिकारी भी शामिल होंगे।
मेलानिया ट्रंप ने इस आयोजन की तैयारियों का नेतृत्व किया है। मेन्यू की शुरुआत अमेरिकी स्पार्कलिंग वाइन से होगी। इसे 1972 में चीन की यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन और चीनी प्रधानमंत्री झोउ एनलाई के बीच हुए टोस्ट की याद में चुना गया है। इसके बाद येलो स्क्वैश वेलूटे सूप के साथ जंगली मशरूम, क्रिस्पी पैनसेटा और स्कैलियन ऑयल परोसा जाएगा। मुख्य पकवान तिल से क्रस्टेड सी बास होगा, जिसके साथ ब्रेज्ड बेबी बोक चॉय, रोस्टेड बैंगन और हर्ब सॉस होगा।
खाने से लेकर सजावट तक दिखेगा चीन-अमेरिका का मेल
डेजर्ट में वैनिला क्रेम्यू और व्हाइट हाउस के शहद से बनी आइसक्रीम के साथ अखरोट फ्रैन्जिपेन और खट्टी चेरी कॉन्फी दी जाएगी। मेन्यू में स्कैलियन ऑयल, तिल और बोक चॉय जैसे चीनी स्वाद के तत्वों को अमेरिकी सामग्री और पकाने की शैली के साथ जोड़ा गया है। शाम के मनोरंजन में टेनर क्रिस्टोफर मैक्चियो प्रस्तुति देंगे, जो 2025 में ट्रंप के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए थे। अमेरिकी मरीन बैंड, मरीन ड्रम एंड बगल कॉर्प्स, आर्मी कोरस और आर्मी स्ट्रिंग्स भी प्रस्तुति देंगे। ईस्ट रूम की सजावट में लाल रंग प्रमुख रहेगा। प्रथम महिला कार्यालय के मुताबिक, चीन में लाल रंग के सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए लाल फूलों, लिनेन और डहलिया-रैननकुलस से टेबल सजाए जाएंगे। व्हाइट हाउस कलेक्शन का वर्मील और रीगन स्टेट सर्विस के बर्तन भी इस्तेमाल होंगे।
ट्रेड ट्रूस को 10 जनवरी तक बढ़ाया गया
शी की यात्रा शुरू होने से पहले अमेरिका और चीन के बीच व्यापार को लेकर अहम सहमति बनी है। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के मुताबिक, दोनों देशों ने मौजूदा ट्रेड ट्रूस को 10 जनवरी तक बढ़ाने पर सहमति जताई है। इस दौरान नए व्यापार प्रतिबंधों पर रोक जारी रहेगी और दोनों देश टैरिफ, चीन के महत्वपूर्ण खनिजों के निर्यात और अमेरिका से कृषि उत्पादों की खरीद जैसे मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ाएंगे।
अब टैरिफ और रेयर अर्थ पर नजर
ट्रंप और शी की बातचीत में व्यापार सबसे अहम मुद्दों में शामिल है। अमेरिका चीन से आने वाले कुछ गैर-रणनीतिक सामान पर टैरिफ कम करने की संभावनाओं पर चर्चा कर रहा है। वहीं चीन के रेयर अर्थ और महत्वपूर्ण खनिजों का मुद्दा भी बेहद अहम है। अमेरिका अभी भी इन खनिजों की आपूर्ति के लिए चीन पर काफी निर्भर है।