रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4:15 बजे रिलीज हुआ था. ट्रेलर को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला और इसके बाद से फिल्म की स्टार कास्ट लगातार चर्चा में बनी हुई है.

फिल्म में माता सीता का किरदार साई पल्लवी निभा रही हैं. ट्रेलर में उनकी पहली झलक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिला-जुला रिस्पॉन्स देखने को मिला.
जहां कई लोगों ने साई पल्लवी के सादगी भरे लुक की तारीफ की, वहीं कुछ यूजर्स को उनका लुक खास पसंद नहीं आया. हालांकि, ट्रेलर में सीता की तीनों बहनों की झलक ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. साई पल्लवी के साथ नजर आईं इन तीनों एक्ट्रेसेस की अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है.

‘रामायण’ में सीता की बहनों का किरदार कौन निभा रहा है, इसे लेकर भी लोगों में काफी उत्सुकता है. फाइनली इस राज से भी पर्दा उठ चुका है. अगर आप नहीं जानते, तो आइए बताते हैं कि उर्मिला, मांडवी और श्रुतकीर्ति के रोल में कौन-सी एक्ट्रेसेस नजर आएंगी.

एक्ट्रेस सोनिया बलानी फिल्म में राजा जनक की दूसरी बेटी उर्मिला के किरदार में नजर आएंगी. उर्मिला, माता सीता की छोटी बहन और लक्ष्मण की पत्नी थीं. ‘रामायण’ में ये किरदार त्याग, धैर्य और पति के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता है. सोनिया बलानी ‘द केरल स्टोरी’ और ‘तुम बिन 2’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.
एक्ट्रेस रिया कपूर फिल्म में मांडवी के किरदार में नजर आएंगी, जो भगवान श्रीराम के छोटे भाई भरत की पत्नी और माता सीता की चचेरी बहन थीं. रिया सोशल मीडिया क्रिएटर होने के साथ-साथ एक एक्ट्रेस भी हैं. ‘रामायण’ के जरिए वो बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं. ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके लुक की खूब चर्चा हो रही है. कई यूजर्स का मानना है कि मांडवी के किरदार में रिया कपूर की झलक साई पल्लवी पर भारी पड़ गई.

फिल्म में माता सीता की सबसे छोटी बहन श्रुतकीर्ति का किरदार असमिया एक्ट्रेस सुरभि दास निभा रही हैं. श्रुतकीर्ति की शादी राजा दशरथ के सबसे छोटे बेटे शत्रुघ्न से हुई थी. ट्रेलर में सुरभि की भी छोटी-सी झलक देखने को मिली, जिसके बाद उनके किरदार को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.
बता दें कि ‘रामायण’ दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे.
Published at : 05 Aug 2026 04:54 PM (IST)
Tags :


