Money Saving Hacks: महंगाई काफी तेजी से बढ़ रही जिस वजह से आजके समय में हमारे लिए सिर्फ पैसे कमाना ही नहीं, बल्कि पैसों की बचत करना भी उतना ही जरूरी हो गया है. जब बात पैसे बचाने की आती है तो अक्सर हमें लगता है कि इसके लिए बहुत ही बड़े रकम की जरूरत पड़ने वाली है या फिर अब हमें अपनी सभी इच्छाओं को पूरी तरह से मारकर रहना पड़ेगा. अगर सेविंग्स का नाम सुनते ही आप भी ऐसा सोचने लगते हैं, तो आप पूरी तरह से ही गलत हैं. सच्चाई तो यह है कि आप अपनी छोटी-छोटी आदतों को बदलकर हर महीने एक अच्छी-खासी रकम बचा सकते हैं. अगर आप सही प्लानिंग करें, तो बिना अपनी इच्छाओं को मारे हर महीने कम से कम 5,000 रुपये या फिर उससे ज्यादा की बचत आसानी से कर सकते हैं. आज इस आर्टिकल में हम आपको ऐसी ही आदतों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप हर महीने थोड़ा-थोड़ा करके अपने बैंक बैलेंस को बढ़ा सकते हैं. तो चलिए इन आदतों के बारे में डीटेल से जानते हैं.


बाहर के खाने पर करें कंट्रोल
हमारी जेब से सबसे ज्यादा पैसे तब खर्च हो जाते हैं जब हम अनजाने में खाने-पीने की चीजों पर ज्यादा खर्च करने लगते हैं. हफ्ते में दो-तीन बार बाहर से खाना ऑर्डर करना, ऑफिस में हर दिन महंगी कॉफी पीने के लिए निकलना या दोस्तों के साथ वीकेंड पर महंगे रेस्टोरेंट जाना, भले ही सुनने में छोटा लगता हो लेकिन महीने के बजट को बिगाड़कर रख देता है. अगर आप बाहर के खाने को कम करके घर पर खाना खाने की आदत डालें, तो सेहत और पैसा दोनों बचेंगे. इसके अलावा ऑफिस के लिए घर से टिफिन और पानी की बोतल साथ ले जाना शुरू करें. सिर्फ इस एक आदत से आप महीने में कम से कम 1,500 से 2,000 रुपये आसानी से बचा सकते हैं.
शॉपिंग से पहले नो शॉपिंग लिस्ट
आज के समय में ऑनलाइन शॉपिंग ऐप्स की वजह से फिजूलखर्ची बहुत ही ज्यादा बढ़ गई है. जब भी हम बोर होते हैं, स्क्रॉल करते-करते कुछ न कुछ ऑर्डर कर ही देते हैं. इस आदत से बचने के लिए सबसे पहले 48 घंटे का रूल अपनाएं. जब भी आपको कोई चीज पसंद आए, उसे तुरंत खरीदने के बजाय कार्ट में सेव कर दें और अगले 48 घंटे तक इंतजार करें. दो दिन बाद आपको खुद अहसास होगा कि उस चीज की आपको वाकई जरूरत थी या वह सिर्फ एक दिखावा था. इसके अलावा, जब भी ग्रोसरी या राशन खरीदने जाएं, तो पहले घर पर एक लिस्ट बना लें और सिर्फ उसी सामान को खरीदें. इससे बेकार की चीजों पर होने वाला 1,000 रुपये का खर्च आसानी से बच जाएगा.
बेकार सब्सक्रिप्शन और बिजली की बचत
कई लोगों की यह आदत होती है कि वे ओटीटी प्लेटफॉर्म जैसे कि नेटफ्लिक्स, प्राइम, म्यूजिक ऐप्स या जिम की मेंबरशिप लेकर भूल जाते हैं. इनका हम इस्तेमाल भी नहीं करते हैं फिर भी हर महीने इनके लिए पैसे चुकाते रहते हैं. हर महीने इनके पैसे हमारे अकाउंट से अपने आप कटते रहते हैं. अपने बैंक स्टेटमेंट को चेक करें और ऐसे सभी बेवजह के सब्सक्रिप्शन को तुरंत बंद करें. इसके साथ ही, घर में बिजली की थोड़ी सी बचत करने की भी कोशिश करें. बिना जरूरत के पंखे-लाइट बंद रखना और फाइव-स्टार अप्लायंसेज का इस्तेमाल करना शुरू कर दें. ऐसा करने से आपका बिजली बिल काफी हद तक कम हो सकता है. इन दोनों ही बातों का ख्याल रखकर आप महीने के कम से कम 800 से 1,000 रुपये बचा सकते हैं.

लोकल ट्रांसपोर्ट और व्हीकल पूलिंग का इस्तेमाल
अगर आप रोजाना ऑफिस या कॉलेज जाने के लिए खुद की कार या कैब का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके पैसों का एक बड़ा हिस्सा पेट्रोल और किराए में चला जाता है. पैसे बचाने के लिए आप मेट्रो, लोकल बस या ऑटो जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं. अगर पब्लिक ट्रांसपोर्ट मुमकिन न हो, तो अपने ऑफिस के लोगों के साथ कार पूलिंग या बाइक पूलिंग करन भी एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. जब आप ऐसा करते हैं तो आपके पेट्रोल का खर्च आपस में बंट जाता है. यह छोटी सी समझदारी आपके महीने के कम से कम 1,000 रुपये तक बचा सकती है.
पहले बचत और फिर करें खर्च
ज्यादातर लोग की आदत होती है कि वे सैलरी आने के बाद पहले खर्च करते हैं और जो बचता है, उसे बचाने के बारे में सोचते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं तो आपका यह तरीका बिल्कुल ही गलत है. सही तरीका यह है कि जैसे ही आपकी सैलरी आए, सबसे पहले 1,000 या 2,000 रुपये निकालकर किसी दूसरे अकाउंट में डाल दें या उसकी आरडी या एसआईपी कर दें. इसके बाद जो पैसा बचे, उसी में अपना पूरा महीना चलाएं. जब पैसा आपकी नजरों के सामने नहीं रहेगा, तो आप उसे खर्च भी नहीं कर पाएंगे.

The post महीना खत्म होने से पहले खाली हो जाती है जेब? हर महीने 5,000 रुपये तक बचाने में मदद कर सकती हैं ये छोटी-छोटी आदतें appeared first on Prabhat Khabar.