Iron Deficiency in Women: क्या आप भी उन महिलाओं में से हैं जिन्हें सुबह सोकर उठते ही थकावट महसूस होती है? अक्सर महिलाएं इसे दिनभर की भागदौड़ का नतीजा समझकर टाल देती हैं या फिर नजरअंदाज कर देती हैं. लेकिन कई बार ऐसा होना शरीर में आयरन की कमी का भी एक बड़ा संकेत हो सकता है. आसान शब्दों में अगर आपको समझाएं तो आयरन हमारे खून की वह गाड़ी है जो हमारे पूरे शरीर तक ऑक्सीजन को पहुंचाने का काम करती है. अक्सर पीरियड्स, प्रेग्नेंसी और गलत खाने-पीने की आदतों की वजह से महिलाओं के शरीर में इसका लेवल काफी तेजी से गिरने लगता है. ऐसे में जब शरीर में आयरन की कमी होती है, तो अंगों को सही मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिल पाता है और इसकी वजह से शरीर भी अंदर से टूटने लग जाता है. अगर आप एक महिला हैं तो आज की यह आर्टिकल आपके काम की है. आज हम आपको शरीर में आयरन की कमी होने के कुछ शुरूआती लक्षणों और संकेतों के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं. आपके लिए समय रहते इन संकेतों को पहचान लेना बहुत ही ज्यादा जरूरी हो जाता है.
हर समय बिना बात की थकान महसूस होना
अगर आप रात को 8 घंटे की पूरी नींद लेकर सोकर उठी हैं, फिर भी सुबह ऐसा लगता है कि शरीर में थोड़ी भी जान नहीं बची हुई है, तो समझ जाएं कि कुछ गड़बड़ी है. झाड़ू-पोछा या खाना बनाने जैसे रोजमर्रा के छोटे-मोटे घरेलू काम करते ही अगर आपकी हालत खराब होने लगती है, तो यह आलस नहीं है। दरअसल, जब शरीर में आयरन कम होता है, तो आपके दिल और मसल्स तक ऑक्सीजन पूरी तरह से नहीं पहुंच पाती. ऐसा होने की वजह से आपका शरीर बिना कोई ज्यादा काम किए ही पूरी तरह टूट जाता है.
ये भी पढ़ें: अचानक लो हो जाए ब्लड प्रेशर, तो घबराने की जरूरत नहीं! अस्पताल जाने से पहले घर पर करें ये 5 आसान उपाय
चेहरा और नाखून सफेद या पीले पड़ना
जब हमारा शरीर फिट होता है, तो चेहरे पर अलग ही रौनक दिखाई है. लेकिन, शरीर में आयरन की कमी होते ही चेहरा, होंठ और आंखें पीली या फीकी पड़ने लगती हैं. आपका चेहरा देखने में ऐसा लगता है जैसे किसी ने सारा खून ही खींच लिया हो. इसके अलावा नाखून भी इतने कमजोर हो जाते हैं कि जरा सा लगते ही चटक जाते हैं. कई बार तो नाखूनों का शेप अंदर की तरफ दबकर बिल्कुल चम्मच जैसा हो जाता है.


थोड़ी सी सीढ़ियां चढ़ते ही सांस फूलना
अगर दो-चार सीढ़ियां चढ़ते ही या थोड़ा सा तेज चलते ही आपकी सांस उखड़ने लगती है और आप हांफने लगती हैं, तो इसे मामूली समझने की गलती आपको कभी नहीं करनी चाहिए. जब शरीर में आयरन कम होता है, तो फेफड़ों को ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए दोगुनी मेहनत करनी पड़ती है, जिससे सांस फूलने लगती है. इसके साथ ही, दिमाग तक पूरी ऑक्सीजन न पहुंचने की वजह से बार-बार सिर घूमना या अचानक तेज सिरदर्द होना भी बहुत आम बात है.
हाथ-पैर ठंडे रहना और दिल का जोर से धड़कना
अगर मौसम एकदम बढ़िया है, फिर भी आपके हाथ और पैर हमेशा बर्फ जैसे ठंडे रहते हैं, तो आपको इसे नजरअंदाज करने की गलती नहीं करनी चाहिए. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शरीर बचे हुए खून और ऑक्सीजन को हाथ-पैरों के बजाय अंदर के जरूरी अंगों तक भेजने लगता है. यही नहीं, जब शरीर में ऑक्सीजन कम होती है, तो उसकी कमी को पूरा करने के लिए दिल बहुत तेजी से भागने लगता है. ऐसा होने की वजह से कई बार अचानक बैठे-बैठे धड़कन इतनी बढ़ जाती है, मानो दिल अभी छाती से बाहर आ जाएगा.
ये भी पढ़ें: रात में बार-बार टूटती है नींद? सोने से पहले बदलें ये 5 आदतें, आएगी घोड़े बेचकर नींद
गुच्छों में बालों का टूटना
बता दें बालों की जड़ों को मजबूत रहने के लिए भी खून और ऑक्सीजन की जरूरत होती है. लेकिन जब शरीर में आयरन की कमी होती है, तो बॉडी समझदारी दिखाते हुए बालों को न्यूट्रिशन देना बंद कर देती है और सारा फोकस शरीर के जरूरी अंगों को बचाने में लगा देती है. इसका नतीजा यह होता है कि बाल बेजान हो जाते हैं और कंघी करते ही मुट्ठी भर बाल हाथ में आ जाते हैं.
महिलाओं को क्या करना चाहिए?
अगर इनमें से आपके साथ 2 से 3 चीजें लगातार हो रही हैं, तो शर्माना छोड़कर सबसे पहले डॉक्टर के पास जाना चाहिए और एक एक छोटा सा ब्लड टेस्ट (CBC और Serum Ferritin) करा लेना चाहिए. इसके अलावा अपनी डाइट में पालक जैसी हरी सब्जियां, चुकंदर, अनार, दालें और गुड़-चना शामिल करना शुरू कर दें.
ये भी पढ़ें: पतले होने की जल्दबाजी में लोग अक्सर कर बैठते हैं ये 5 गलतियां, जान लें इससे पहले कि सेहत को पहुंचे नुकसान

