
Money Plant Care: मनी प्लांट लगाने का शौक तो आजकल हर किसी को होता है. कुछ लोग इसे घर और बालकनी की खूबसूरती बढ़ाने के लिए लगाते हैं, तो कुछ लोग वास्तु शास्त्र के हिसाब से इसे बहुत शुभ मानकर अपने घर या ऑफिस में रखते हैं. लेकिन मनी प्लांट के साथ सबसे बड़ी समस्या इसकी पतली और लचीली डालियां होती हैं, जो कुछ ही समय में नीचे की तरफ झुकने लगती हैं और जमीन पर लटक जाती हैं. इन्हें सीधा खड़ा रखने के लिए अक्सर लोग रस्सी या धागे का सहारा लेते हैं, जो देखने में काफी अजीब और खराब लगता है. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो अब आपको फालतू पैसे खर्च करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आप घर की ही एक बेकार चीज से इसे बिल्कुल सीधा और सुंदर बना सकते हैं.
नारियल का छिलका बनेगा मनी प्लांट का बेस्ट सहारा
मनी प्लांट को सीधा और मजबूत रखने के लिए आपको बाजार से कोई भी महंगी चीज खरीदने की जरूरत नहीं है.
- कबाड़ से जुगाड़: अक्सर जब हम घर पर नारियल लाते हैं, तो उसका पानी पीने या मलाई खाने के बाद उसके छिलके यानी जूट को कचरा समझकर फेंक देते हैं.
- बहराइच के एक्सपर्ट्स की राय: गार्डनिंग एक्सपर्ट्स बताते हैं कि यही नारियल का जूट आपके मनी प्लांट को सहारा देने के लिए सबसे बेहतरीन चीज है. यह न केवल पौधे की डालियों को मजबूती देता है, बल्कि उसे नेचुरल नमी भी देता है, जिससे पौधे की पत्तियां और ज्यादा बड़ी और हरी-भरी हो जाती हैं.
घर में ऐसे बनाएं मॉस स्टिक
इस बेहतरीन ट्रिक को अपनाकर आप मिंटो में अपने पौधे के लिए एक शानदार सपोर्ट स्टिक तैयार कर सकते हैं.
- ऐसे करें तैयार: सबसे पहले लकड़ी की एक लंबी छड़ी या कोई बेकार पड़ा प्लास्टिक का पाइप ले लें. अब नारियल के छिलकों से उसका जूट अलग करें और उसे छड़ी के चारों तरफ अच्छी तरह से लपेट दें. इसे फिक्स करने के लिए आप किसी पतली रस्सी या तार से बांध सकते हैं. आपकी मुफ्त की ‘मॉस स्टिक’ तैयार है.
- गमले में ऐसे लगाएं: इस तैयार की गई छड़ी को अपने गमले या क्यारी की मिट्टी के अंदर करीब 10 से 15 सेंटीमीटर की गहराई तक अच्छे से दबा दें ताकि यह मजबूती से खड़ी रहे.
सहारे से तेजी से बढ़ेगा मनी प्लांट
एक बार जब यह स्टिक मिट्टी में अच्छी तरह सेट हो जाए, तो अपने पौधे को इसके साथ अटैच कर दें.
- डालियों को लपेटें: मनी प्लांट की नीचे झुकती हुई डालियों को बहुत ही धीरे से इस छड़ी के चारों तरफ लपेट दें या हल्के हाथों से इसके सहारे टिका दें.
- तेजी से बढ़ेगा पौधा: मनी प्लांट की जड़ों की यह खासियत होती है कि वे नारियल के जूट को बहुत मजबूती से पकड़ लेती हैं और उसके अंदर की नमी को सोखने लगती हैं. इससे पौधे को भरपूर पोषण मिलता है, जिससे उसकी ग्रोथ बहुत तेजी से होने लगती है. यह देखने में भी इतना सुंदर लगता है जैसे आपने इसे किसी आलीशान बंगले या महंगी नर्सरी से खरीदा हो.
यह भी पढ़ें: घर के बालकनी को बनाएं ‘मिनी गार्डन’, कम जगह में उगाएं ये 7 पौधे
The post मनी प्लांट की ग्रोथ रुक गई है? घर की इस फ्री चीज से मिलेगा जबरदस्त सपोर्ट appeared first on Prabhat Khabar.


