इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम 9 से 15 सितंबर 2026 तक भारत के दौरे पर रहेंगे. भारत के उपराष्ट्रपति के निमंत्रण पर हो रहे इस दौरे के दौरान आगा खान पंचम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और विदेश मंत्री से मुलाकात करेंगे. यह उनके 50वें इमाम के रूप में पद संभालने के बाद भारत का पहला दौरा है.
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भी मुलाकात
भारत प्रवास के दौरान आगा खान पंचम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा उनकी गृह मंत्री और विदेश मंत्री के साथ भी बैठक होगी. 10 सितंबर को उपराष्ट्रपति के साथ उनकी बातचीत प्रस्तावित है. इन मुलाकातों के दौरान भारत और इस्माइली इमामत के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों के साथ-साथ विकास और सामुदायिक पहलों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है.

अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद भी जाएंगे
दिल्ली के अलावा प्रिंस रहीम आगा खान पंचम अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद का दौरा करेंगे. इन शहरों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (AKDN) की कई विकास और सामुदायिक परियोजनाएं चल रही हैं.
भारत में इस्माइली समुदाय की मौजूदगी गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और पंजाब समेत देश के कई हिस्सों में है.
‘भारत की जमात से मिलने का इंतजार’
द सियासत डेली में प्रकाशित एक खबर के मुताबिक, प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने कहा कि वह भारत की जमात से मिलने का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने भारत से बाहर रहने वाले इस्माइलियों से अपने दौरे के दौरान भारत की यात्रा नहीं करने का अनुरोध भी किया है, ताकि वह अपना पूरा ध्यान भारत में रहने वाले स्थानीय समुदाय को दे सकें.
अपने संदेश में उन्होंने भारत की जमात को अपने “सबसे प्रिय आध्यात्मिक बच्चे” बताया और कहा कि वे हमेशा उनके विचारों और प्रार्थनाओं में रहते हैं.
शहजाद पूनावाला ने किया दौरे का स्वागत
पूर्व भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने प्रिंस रहीम आगा खान पंचम के भारत दौरे की घोषणा का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत और इस्माइली इमामत के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ती, आपसी सम्मान और साझा मूल्यों के संबंधों को दर्शाती है.
फरवरी 2025 में बने थे 50वें इमाम
प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने फरवरी 2025 में अपने पिता दिवंगत प्रिंस शाह करीम अल-हुसैनी आगा खान चतुर्थ के बाद इस्माइली समुदाय के 50वें वंशानुगत इमाम का पद संभाला था.
इमाम बनने से पहले प्रिंस रहीम आगा खान ने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क में कई जिम्मेदारियां संभाली थीं. इनमें पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और आर्थिक विकास से जुड़े काम भी शामिल थे.

