Guess Who: बात आज बॉलीवुड के एक ऐसे एक्टर की जिसने 31 साल पहले बॉलीवुड में हिट डेब्यू किया था. इसके बाद शुरुआती दौर में और भी हिट फिल्में दीं. लेकिन फिर फ्लॉप की झड़ी लगा दी. फिर सालों बाद अभिनेता ने बड़े पर्दे पर विलेन के किरदार से गजब की महफिल लूटी और उनकी फिल्म ने 900 करोड़ से ज्यादा कमा डाले थे. हालांकि अब ढाई साल बाद उस एक्टर की एक फिल्म के एक करोड़ रुपये कमाने में भी पसीने छूट रहे हैं. उनकी फिल्म की कमाई सिर्फ लाखों में सिमट कर रह गई है.
कौन है ये एक्टर?
यहां जिस अभिनेता की बात हो रही है उनका नाम है बॉबी देओल. बॉबी देओल इन दिनों फिल्म ‘बंदर’ में नजर आ रहे हैं. 5 जून को रिलीज हुई इस फिल्म की रिलीज से पहले काफी चर्चा हुई थी, लेकिन फिल्म सिनेमाघरों में आने के बाद फुस्स साबित हो गई. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक पहले दिन ये फिल्म सिर्फ 50 लाख रुपये का कलेक्शन कर पाई. दूसरे दिन भी कमाई का आंकड़ा करोड़ तक नहीं पहुंच पाया और इसके खाते में सिर्फ 95 लाख रुपये दर्ज हुए. कभी बॉक्स ऑफिस पर अरबों में खेलने वाले बॉबी की फिल्म की कमाई अब लाखों में सिमटकर रह गई.

‘एनिमल’ ने हिला दिया था बॉक्स ऑफिस
अब जरा ढाई साल पीछे चलते हैं. दिसंबर 2023 में फिल्म आई थी ‘एनिमल’. इसमें रणबीर कपूर ने लीड रोल निभाया था, जबकि उनके सामने विलेन बने थे बॉबी देओल. अबरार हक नाम के विलेन के किरदार में बॉबी छा गए थे. सिर्फ कुछ मिनट के लिए वो पर्दे पर नजर आए थे, लेकिन उनकी जमकर तारीफ हुई. कई फैंस ने ये तक माना था कि वो एक्टिंग के मामले में रणबीर कपूर पर भी भारी पड़े थे. सैकनिल्क के मुताबिक 100 करोड़ के बजट में बनी एनिमल ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए थे और दुनियाभर में 915 करोड़ रुपये तक की कमाई कर डाली थी.
ये भी पढ़ें: ‘बहनों के लिए फिक्रमंद रहा’, ‘बंदर’ में अपने किरदार को लेकर बॉबी देओल ने बड़ा बयान
बरसात से किया था सफल डेब्यू
बॉबी देओल ने साल 1995 में फिल्म ‘बरसात’ से हिट डेब्यू किया था. इसके बाद वो गुप्त, सोल्जर और बादल जैसी फिल्मों से भी सुर्खियों में रहे. हालांकि उनका करियर अपने पिता धर्मेंद्र और बड़े भाई सनी देओल की तुलना में बहुत ज्यादा सफल नहीं रहा.

