
Sibling Relationship Tips: भाई-बहन का रिश्ता बचपन से लेकर जीवन के हर पड़ाव तक साथ निभाने वाला रिश्ता माना जाता है. बचपन की यादें, साथ बिताए पल और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा बनना इस रिश्ते को खास बनाते हैं. लेकिन कई बार गलतफहमियां, पुरानी नाराजगी, आपसी तुलना या परिवार से जुड़े विवाद रिश्तों में दूरी पैदा कर देते हैं. ऐसे में सिबलिंग थैरेपी रिश्तों को सुधारने का एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आई है.
क्या होती है सिबलिंग थैरेपी?
thefeelingspace के अनुसार सिबलिंग थैरेपी, फैमिली थैरेपी का ही एक हिस्सा है. इसमें भाई-बहनों के बीच होने वाली परेशानियों को समझने और उन्हें दूर करने की कोशिश की जाती है. इस दौरान एक प्रशिक्षित थेरेपिस्ट दोनों भाई-बहनों को अपनी बात खुलकर रखने का मौका देता है.
इस थैरेपी का मकसद किसी एक को सही या गलत साबित करना नहीं होता, बल्कि दोनों के बीच बेहतर समझ और बातचीत को बढ़ाना होता है. थेरेपिस्ट रिश्ते में तनाव की वजह को समझने में मदद करता है और समाधान निकालने का रास्ता दिखाता है.
किन परिस्थितियों में ली जा सकती है मदद?
कई बार बचपन की कोई घटना, माता-पिता का किसी एक बच्चे को ज्यादा महत्व देना, संपत्ति से जुड़े विवाद या परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर मतभेद रिश्ते खराब कर देते हैं. इसके अलावा माता-पिता के अलगाव, परिवार में बदलाव या सौतेले रिश्तों की वजह से भी भाई-बहनों के बीच तनाव बढ़ सकता है. ऐसे मामलों में सिबलिंग थैरेपी मददगार हो सकती है.
सिबलिंग थैरेपी के फायदे
इस थैरेपी का सबसे बड़ा फायदा है कि भाई-बहन एक-दूसरे की बात बेहतर तरीके से समझने लगते हैं. कई बार मन में जमा पुरानी शिकायतें और भावनाएं खुलकर सामने नहीं आ पातीं. थैरेपी के जरिए उन्हें साझा करने का सुरक्षित माहौल मिलता है.
इसके अलावा यह एक-दूसरे के नजरिए को समझने, गुस्से को नियंत्रित करने और रिश्ते में भरोसा वापस लाने में मदद करती है. धीरे-धीरे बातचीत बेहतर होने लगती है और परिवार का माहौल भी सकारात्मक बन सकता है.
कैसे होती है सिबलिंग थैरेपी?
इस दौरान थेरेपिस्ट बातचीत के जरिए समस्याओं को समझता है. भाई-बहनों को अपनी भावनाएं सही तरीके से व्यक्त करने और सामने वाले की बात सुनने के तरीके सिखाए जाते हैं. इसके साथ ही कुछ छोटे-छोटे अभ्यास भी दिए जा सकते हैं, जिन्हें घर पर अपनाकर रिश्ते को मजबूत किया जा सकता है.
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर दोनों भाई-बहन रिश्ते को सुधारने की इच्छा रखते हैं, तो सिबलिंग थैरेपी वर्षों पुरानी दूरियों को कम करने में मदद कर सकती है. यह रिश्ते में फिर से प्यार, सम्मान और विश्वास बढ़ाने का एक प्रभावी तरीका हो सकता है.
यह भी पढ़ें: मच्छरों ने बढ़ाई परेशानी? बारिश में अपनाएं ये देसी नुस्खे, रहेंगे सेफ


