ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने लंदन के होलबोर्न और सेंट पैनक्रास सीट से सांसद पद से भी इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है. उन्होंने 11 साल का अपना संसदीय करियर समाप्त करने का फैसला किया. अपने बयान में उन्होंने पिछले 11 सालों से संसद में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने को अपने लिए बड़े सम्मान की बात बताया. इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल में किए गए कामों का भी जिक्र किया, जिसमें हाउस प्रोजेक्ट, शिक्षा और कैमडेन यूथ सेफ्टी टास्कफोर्स के जरिए युवाओं में हिंसा रोकने जैसे स्थानीय काम शामिल हैं.
कीर स्टार्मर ने बताया आगे का प्लान
स्टार्मर ने कहा कि अब वह तेजी से बदलती दुनिया में रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और तकनीक जैसे अंतरराष्ट्रीय मामलों के साथ-साथ महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ होने वाली हिंसा से निपटने के लिए काम करेंगे. लेबर पार्टी और अपने नेतृत्व को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को राजनीतिक और आर्थिक संकट से उबारकर 2024 के चुनाव में ऐतिहासिक जीत दिलाना और दो साल तक प्रधानमंत्री के रूप में ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को स्थिर करना, सार्वजनिक सेवाओं को सुधारना और लाखों बच्चों को गरीबी से बाहर निकालना उनकी बड़ी उपलब्धियां रहीं. उन्होंने कहा कि आने वाले उपचुनाव में वह लेबर पार्टी के उम्मीदवार, देश के वर्तमान प्रधानमंत्री और लेबर सरकार को समर्थन करेंगे.
जून में दिया था पीएम पद से इस्तीफा
कीर स्टार्मर ने जून 2026 में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफे का ऐलान किया था. अपने समर्थकों से बात करते हुए तब स्टार्मर ने कहा था कि उन्होंने जो भी फैसले लिए, वे देश को सबसे पहले रखने की इच्छा से लिए थे. उन्होंने कहा था, ‘हमें लाखों लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने का अवसर मिला और यही वजह थी कि मैं राजनीति में आया था. यहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था. मुझे बार-बार कहा गया कि मेरी पार्टी खत्म हो गई है, हम इतिहास का हिस्सा बन चुके हैं और आम चुनाव में बहुमत हासिल करना तो दूर, सत्ता में वापसी भी नामुमकिन है, लेकिन हमने उन सभी को गलत साबित कर दिया.’
लेबर पार्टी के लिए किए गए कामों को किया याद
कीर स्टार्मर ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास और कार्यालय ’10 डाउनिंग स्ट्रीट’ पर आखिरी भाषण में अपने समर्थकों को थैंक्यू कहा था. उन्होंने कहा थे, ‘मैं किंग से मिलने जा रहा हूं ताकि अपना इस्तीफा सौंप सकूं और प्रधानमंत्री के रूप में अपने समय का अध्याय बंद कर सकूं. मेरा काम पूरा हो गया है.’ उन्होंने कहा कि साढ़े छह सालों में उन्होंने लेबर पार्टी को 2019 की ऐतिहासिक हार के बाद पूरी तरह बदला, उसे देश का सामना करने के लिए तैयार किया और 2024 के आम चुनाव में भारी जीत दिलाई.


