
रसोई में हरी मिर्च और धनिया का इस्तेमाल लगभग हर दिन होता है. सब्जी से लेकर चटनी और सलाद तक, इन दोनों के बिना खाने का स्वाद अधूरा लगता है. लेकिन कई बार बाजार से लाने के कुछ दिनों बाद ही धनिया मुरझाने लगता है और हरी मिर्च सूखने लगती है. ऐसे में इन्हें बार-बार खरीदना पड़ता है और काफी सामान भी खराब हो जाता है. सही तरीके से स्टोर करने पर हरी मिर्च और धनिया को लंबे समय तक ताजा रखा जा सकता है.
धनिया को ऐसे रखें फ्रेश
धनिया को बाजार से लाने के बाद तुरंत प्लास्टिक बैग में रखकर फ्रिज में न रखें. प्लास्टिक में नमी जमा होने से इसकी पत्तियां जल्दी गलने लगती हैं. सबसे पहले धनिया को साफ करें और खराब पत्तियों को अलग कर दें. इसके बाद इसे कुछ देर हवा में सुखा लें.
अब एक एयरटाइट कंटेनर लें और उसके नीचे पेपर टॉवल या टिश्यू पेपर बिछा दें. यह अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करता है. इसके बाद धनिया को कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर करें. इससे धनिया लंबे समय तक हरा बना रह सकता है. एक और तरीका है कि धनिया की डंठल को हल्का काटकर इसे पानी भरे गिलास में रखा जाए. ऊपर से हल्का कवर कर दें. इस तरीके में पानी समय-समय पर बदलते रहना जरूरी है.
हरी मिर्च को खराब होने से ऐसे बचाएं
हरी मिर्च को स्टोर करने से पहले उसकी डंठल निकाल दें. इसके बाद इसे अच्छी तरह धोकर कपड़े से पूरी तरह सुखा लें. ध्यान रखें कि मिर्च पर पानी की बूंदें न रहें, क्योंकि नमी के कारण यह जल्दी खराब हो सकती है. सूखी हुई मिर्च को एयरटाइट डिब्बे या जिप लॉक बैग में रखकर फ्रिज में रखें. इससे मिर्च ज्यादा दिनों तक ताजी रह सकती है.
स्टोरेज में इन बातों का रखें ध्यान
हरी मिर्च और धनिया जैसी चीजों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए नमी से बचाना सबसे जरूरी है. इन्हें रखने से पहले अच्छी तरह सुखाएं और हमेशा साफ व सूखे कंटेनर का इस्तेमाल करें. सही तरीके से स्टोर करने से न सिर्फ खाने का स्वाद बरकरार रहेगा, बल्कि बार-बार खरीदने का खर्च भी कम होगा.
यह भी पढ़ें: गैस लाइटर खराब हो गया है? नया लेने से पहले जान लें ये काम की ट्रिक्स
The post बार-बार खराब हो जाता है धनिया और हरी मिर्च? जानें इन्हें फ्रेश रखने का सही तरीका appeared first on Prabhat Khabar.


