
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 47 रन की हार के बाद स्वीकार किया की. 244 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी टीम ने कुछ विकेट गलत समय पर गंवाए.
राजस्थान रॉयल्स के 244 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स की टीम आर्चर (58 रन पर तीन विकेट), सुशांत मिश्रा (21 रन पर दो विकेट), रविंद्र जडेजा (21 रन पर दो विकेट) और नांद्रे बर्गर (26 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई और टूर्नामेंट से बाहर हो गई.
राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी (29 गेंद में 12 छक्कों और पांच चौकों से 97 रन) और ध्रुव जुरेल (21 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों से 50 रन) के अर्धशतक से आठ विकेट पर 243 रन बनाए थे.
पैट कमिंस ने मैच के बाद कहा, ‘‘245 (244) रन का लक्ष्य हासिल करने के लिए टीम के पक्ष में कुछ चीजों का सही होना जरूरी था. लेकिन हमने गलत समय पर कुछ विकेट गंवा दिए. हम शीर्ष दो में जगह बनाने से बस थोड़ा सा ही दूर रह गए लेकिन लड़कों की कोशिशों पर कोई शक नहीं किया जा सकता’’.
पैट कमिंस ने राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘वह काफी अच्छा खेला. पिच बहुत अच्छी थी, लेकिन गलती की गुंजाइश इतनी कम होती है कि अगर आप यॉर्कर से चूक जाते हैं तो वह नहीं चूकता. विकेट काफी अच्छा था. हमारी टीम हर लिहाज से बहुत संतुलित है’’.
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने अपने युवा गेंदबाजों की भी सराहना करते हुए कहा, ‘‘प्रफुल और साकिब बहुत बढ़िया थे. हम प्लेऑफ में पहुंचने वाली सबसे युवा टीमों में से एक हैं और कोचिंग टीम ने कुछ बेहतरीन हीरे खोज निकाले हैं’’.

