
Coconut Oil Hair Mask: नारियल तेल का इस्तेमाल लगभग हर घर में किया जाता है. हम सभी ने बचपन से अपनी दादी-नानी से यह जरूर सुना है कि बालों में नारियल तेल लगाने से वे लंबे, काले और मजबूत होते हैं. लेकिन क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आपने बालों में नारियल तेल तो बहुत अच्छे से लगाया, फिर सिर धोया, और सूखने के बाद बाल फिर से ड्राई और उलझे हुए दिखाई देने लगे? अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो अब आपको टेंशन लेने की जरूरत बिल्कुल नहीं है. आप अकेले नहीं हैं, आज के समय में बहुत से लोग इस प्रॉब्लम से जूझ रहे हैं.
अब सवाल यह आता है कि बालों में तेल लगाने के बावजूद वे इतने ड्राई और रफ क्यों महसूस होने लगते हैं? दरअसल, नारियल तेल आपके बालों को न्यूट्रिशन तो देता है, लेकिन यह उन्हें मॉइस्चराइजेशन नहीं दे पाता. जब हमारे बाल बहुत ज्यादा ड्राई और डैमेज्ड हो जाते हैं, तो उन्हें सिर्फ तेल की नहीं, बल्कि मॉइस्चर की भी जरूरत पड़ती है. अगर आप नारियल तेल में कुछ ऐसी चीजें मिक्स कर दें जो बालों को मॉइस्चर दें, तो आपकी यह प्रॉब्लम हमेशा के लिए खत्म हो सकती है. आज इस आर्टिकल में हम आपको इसी नारियल तेल से हेयर मास्क बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं; तो चलिए जानते हैं इसे बनाने और इस्तेमाल करने का सबसे आसान तरीका.
हेयर मास्क बनाने के लिए इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
इस हेयर मास्क को घर पर बनाने के लिए आपको मार्केट से कोई महंगा प्रोडक्ट या फिर केमिकल वाली चीज खरीदकर लाने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. आपके किचन में ही मौजूद कुछ सिंपल सी चीजों से इस हेयर मास्क को काफी आसानी से बनाया जा सकता है. अगर बात करें इसमें इस्तेमाल होने वाले इंग्रीडिएंट्स की, तो इसे बनाने के लिए आपको चाहिए 2 से 3 चम्मच नारियल तेल, 2 चम्मच फ्रेश दही और 1 चम्मच शहद. अगर आपके बाल बहुत ही ज्यादा लंबे हैं तो आप इन सभी चीजों को क्वांटिटी थोड़ी सी बढ़ा भी सकते हैं. दही के इस्तेमाल से आपको स्कैल्प को ठंडक मिलती है और यह आपके बालों को सॉफ्ट भी बनाता है. वहीं, शहद आपके बालों को मॉइस्चर को लॉक करता है जिससे आपके बालों में शाइन बढ़ जाती है.
ये भी पढ़ें: झड़ते बालों से परेशान होकर खरीद रहे हैं महंगे तेल? घर पर बनाएं आंवले का ये खास तेल, जानें लगाने का सही तरीका
कैसे बनाएं कोकोनट ऑयल हेयर मास्क?
नारियल के तेल से हेयर मास्क बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ कटोरी में नारियल तेल लें. अगर सर्दियों के दिन हैं और तेल जमा हुआ है, तो उसे थोड़ा सा गरम करके पिघला लें. अब इसमें 2 चम्मच दही और 1 चम्मच शहद डालें. इसके बाद चम्मच से तीनों चीजों को तब तक अच्छे से मिलाते रहें जब तक कि यह एक बढ़िया क्रीम जैसा न दिखने लगे. बस, आपका होममेड हेयर मास्क बनकर तैयार है.
हेयर मास्क लगाने का सही और आसान तरीका
आपका यह हेयर मास्क कितना भी अच्छा क्यों न बना हो, अगर आप इसे सही तरीके से अपने स्कैल्प और बालों में नहीं लगाएंगे तो आपको इसका पूरा फायदा कभी भी नहीं मिल पाएगा. इसे अपने बालों पर लगाने का तरीका बहुत ही ज्यादा आसान है. इसे लगाने से पहले अपने बालों को अच्छे से कंघी करके सुलझा लें ताकि मास्क लगाते समय आपके बाल टूटे नहीं. अब इस मास्क को अपनी उंगलियों की मदद से स्कैल्प पर लगाएं और फिर इसे बालों की जड़ों से लेकर नीचे के सिरों तक अच्छे से लगा लें. इस बात का ख्याल रखें कि आपके बालों के नीचे की जगह सबसे ज्यादा ड्राई और बेजान सी रहती है, इसलिए इन जगहों पर थोड़ा ज्यादा हेयर मास्क लगाएं.
इसे लगाने के बाद करीबन 2 से 3 मिनट तक बिल्कुल ही हल्के हाथों से सिर की मसाज करें. मास्क लगाने के बाद बालों का एक हल्का सा जूड़ा बना लें और 20 से 30 मिनट तक इसे ऐसे ही लगा रहने दें. आप चाहें तो सिर पर कोई पॉलीथिन या शावर कैप पहन सकते हैं ताकि कपड़े खराब न हों. आधे घंटे बाद अपने बालों को किसी भी हल्के शैंपू से धो लें. इस बात का ख्याल रहे कि बाल धोने के लिए नॉर्मल या हल्के गुनगुने पानी का ही इस्तेमाल करें, बहुत गर्म पानी से बाल और ज्यादा ड्राई हो जाते हैं.
इस हेयर मास्क के कमाल के फायदे
अगर आप हफ्ते में सिर्फ एक बार भी इस हेयर मास्क का इस्तेमाल अपने बालों और स्कैल्प पर करेंगे, तो कुछ ही दिनों में आपको अपने बालों में बहुत बड़ा फर्क दिखाई देने लगेगा. इसके रेगुलर इस्तेमाल से आपके बालों की ड्राइनेस खत्म होगी, क्योंकि इसमें इस्तेमाल होने वाली दही और शहद मिलकर आपके बालों को अंदर से मॉइस्चराइजेशन देते हैं. इससे आपके बालों का झाड़ू जैसा रूखापन पूरी तरह से खत्म हो जाता है. इस मास्क को लगाने के बाद बाल इतने सॉफ्ट हो जाते हैं कि उंगलियां आसानी से फिसलने लगती हैं और बालों में एक अलग ही शाइन आ जाती है. जब आपके बाल सॉफ्ट हो जाते हैं तो वे आपस में उलझते नहीं हैं, जिससे कंघी करते समय बाल टूटते भी कम हैं. नारियल तेल बालों की टूट-फूट को रोकता है और नीचे के बेजान बालों को न्यूट्रिशन देकर उन्हें दोमुंहे होने से बचाता है.
ये भी पढ़ें: डैंड्रफ ने कर दिया है परेशान? किचन में मौजूद इन 2 चीजों से बनाएं असरदार हेयर पैक, जानें इस्तेमाल करने का तरीका
The post नारियल तेल लगाने के बाद भी बाल रहते हैं ड्राई और उलझे? तेल में मिलाएं ये 2 चीजें, बाल फिर से दिखेंगे सॉफ्ट एंड शाइनी appeared first on Prabhat Khabar.
