
Skin Care Tips: बारिश और उमस के मौसम में सिर्फ रोज नहाना ही त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए काफी नहीं होता. कई बार नहाने के बाद की छोटी-छोटी लापरवाहियां फंगल इंफेक्शन, खुजली, रैशेज और पिंपल्स जैसी समस्याओं की वजह बन सकती हैं. ऐसे मौसम में त्वचा पर लंबे समय तक नमी बने रहने से फंगस तेजी से पनपता है. इसलिए अगर आप अपनी स्किन को मुलायम, साफ और हेल्दी रखना चाहते हैं, तो नहाने के बाद कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
शरीर को अच्छी तरह सुखाएं
नहाने के बाद जल्दबाजी में कपड़े पहनने की आदत नुकसान पहुंचा सकती है. शरीर की सिलवटों, बगल, गर्दन और पैरों की उंगलियों के बीच नमी रह जाने से फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए साफ और सूखे तौलिये से शरीर को अच्छी तरह सुखाने के बाद ही कपड़े पहनें.
गीले तौलिये का इस्तेमाल करने से बचें
बार-बार गीले या ठीक से न सूखे तौलिये का इस्तेमाल करने से उस पर बैक्टीरिया और फंगस पनप सकते हैं. इससे त्वचा पर दोबारा संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है. तौलिये को नियमित रूप से धोएं और धूप में अच्छी तरह सुखाएं.
साफ और सूखे कपड़े ही पहनें
नहाने के बाद पहले से पहने हुए पसीने वाले या गीले कपड़े दोबारा पहनने से त्वचा पर नमी बनी रहती है. इससे फंगल इंफेक्शन और स्किन इरिटेशन का खतरा बढ़ सकता है. हमेशा साफ, सूती और सूखे कपड़े पहनना बेहतर माना जाता है.

मॉइश्चराइजर लगाना न भूलें
बारिश के मौसम में भी त्वचा को मॉइश्चर की जरूरत होती है. नहाने के बाद हल्का और नॉन-ग्रीसी मॉइश्चराइजर लगाने से त्वचा की प्राकृतिक नमी बनी रहती है और ड्राइनेस की समस्या कम होती है. अपनी स्किन टाइप के अनुसार सही मॉइश्चराइजर चुनें.
पसीना और गंदगी ज्यादा देर तक न रहने दें
अगर दिनभर पसीना आता है, तो उसे लंबे समय तक त्वचा पर न रहने दें. जरूरत पड़ने पर चेहरा धो लें या साफ कपड़े से त्वचा को हल्के हाथों से पोंछ लें. इससे रोमछिद्र साफ रहते हैं और पिंपल्स व फंगल इंफेक्शन का खतरा कम हो सकता है.
स्किन को हेल्दी रखने के आसान उपाय
त्वचा को लंबे समय तक स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त पानी पिएं, संतुलित आहार लें और बहुत ज्यादा केमिकल वाले स्किन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से बचें. इसके अलावा ढीले और कॉटन के कपड़े पहनें, ताकि त्वचा को हवा मिलती रहे और नमी जमा न हो.
यह भी पढ़ेंछ चांदी की बिछिया हो गई है काली ? मिनटों में ऐसे करें साफ
The post नहाने के बाद इन 5 गलतियों से बढ़ता है फंगल इंफेक्शन का खतरा, ऐसे रखें अपनी स्किन को हेल्दी appeared first on Prabhat Khabar.
