
Digital Detox: सुबह आंख खुलते ही फोन. रात को सोने से पहले भी फोन. बीच-बीच में सोशल मीडिया स्क्रॉल करना अब हमारी आदत बन चुका है. कई बार हम सिर्फ इसलिए ऑनलाइन रहते हैं, क्योंकि लगता है कहीं कुछ छूट न जाए. लेकिन अब धीरे-धीरे लोग इस आदत से बाहर निकल रहे हैं. इसकी वजह है JOMO. यह ऐसा ट्रेंड है, जो बताता है कि हर चीज देखना और हर जगह मौजूद रहना जरूरी नहीं है. कभी-कभी खुद के साथ बिताया गया समय सबसे खास होता है.
आखिर JOMO है क्या?
JOMO का पूरा नाम Joy of Missing Out है. आसान भाषा में समझें, तो इसका मतलब है बिना किसी पछतावे के कुछ चीजों को छोड़ देना. यानी अगर आपका मन फोन चलाने का नहीं है, किसी पार्टी में जाने का नहीं है या हर ट्रेंड को फॉलो करने का मन नहीं है, तो इसमें कोई परेशानी नहीं है. अपनी पसंद को महत्व देना ही JOMO की सबसे बड़ी पहचान है.
FOMO और JOMO में क्या फर्क है?
FOMO यानी Fear of Missing Out. इसमें हमेशा ऐसा लगता है कि बाकी लोग कुछ अच्छा कर रहे हैं और हम पीछे रह गए हैं. इसी वजह से लोग बार-बार फोन देखते हैं. हर रील, हर पोस्ट और हर अपडेट पर नजर रखते हैं. कई बार बिना मन के भी सिर्फ दूसरों को देखकर फैसले लेने लगते हैं.
Delulu’ से ‘Sigma’ तक, जंतर-मंतर से Instagram तक क्यों छाए हैं ये Gen Z Slangs? जानें इनका मतलब
JOMO क्या सिखाता है?
JOMO बिल्कुल अलग सोच है. इसमें आप अपनी खुशी को सबसे पहले रखते हैं. अगर आपका मन आराम करने का है, किताब पढ़ने का है, परिवार के साथ बैठने का है या बस थोड़ी देर बिना फोन के रहने का है, तो वही कीजिए. इसमें किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं होती.
आज की Gen Z को JOMO क्यों पसंद आ रहा है?
हर समय ऑनलाइन रहने से कई लोगों को लगता है कि उनका पूरा दिन सिर्फ स्क्रीन पर ही निकल जाता है. ऐसे में अब नई पीढ़ी समझ रही है कि असली खुशी सिर्फ लाइक्स और व्यूज में नहीं है. अपने लोगों के साथ बैठना, अपनी पसंद का काम करना और बिना फोन के कुछ पल बिताना भी उतना ही जरूरी है. यही वजह है कि JOMO तेजी से लोगों की नई लाइफस्टाइल बन रहा है.
रोज की जिंदगी में JOMO कैसे अपनाएं?
- दिन का एक समय ऐसा रखें, जब फोन आपके पास न हो.
- हर नोटिफिकेशन आते ही फोन उठाने की आदत छोड़ें.
- खाली समय में वॉक करें, म्यूजिक सुनें या अपनी पसंद का कोई काम करें.
- हर पार्टी या हर प्लान में जाने का दबाव महसूस न करें.
- सोशल मीडिया पर दूसरों से अपनी तुलना करना बंद करें.
- हफ्ते में एक दिन कुछ घंटों के लिए सोशल मीडिया से ब्रेक लें.
यह भी पढ़ें: क्या दिन में मिडिल बर्थ खोल सकते हैं? जानिए इसके लिए क्या है रेलवे का नियम
The post दूसरों की जिंदगी देखने से ज्यादा जरूरी है अपनी खुशी, जानिए क्या है JOMO ट्रेंड appeared first on Prabhat Khabar.


