How to Fix a Burnt Mattress: आजकल अच्छे गद्दे काफी महंगे आते हैं. उनकी कीमत हजारों रुपये तक होती है, इसलिए हल्का सा जलने पर भी नया गद्दा खरीदना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. कई बार कपड़े प्रेस करने के बाद गलती से गर्म प्रेस गद्दे पर रह जाती है, जिससे उस पर जलने का निशान बन जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप गद्दे को फिर से साफ-सुथरा और अच्छा दिखा सकती हैं.

प्रेस करते समय इन बातों का रखें ध्यान

गद्दे पर सीधे कपड़े प्रेस करने की बजाय पहले उस पर मोटी चादर या कपड़ा जरूर बिछाएं. अगर गलती से प्रेस कुछ देर के लिए वहीं रह भी जाए, तो सबसे पहले चादर प्रभावित होगी और गद्दा काफी हद तक सुरक्षित रहेगा. यह छोटी-सी आदत बड़े नुकसान से बचा सकती है.
जले हुए हिस्से पर उसी रंग का कपड़ा सिल दें

अगर गद्दे का केवल छोटा हिस्सा जला है, तो उसी रंग या उससे मिलता-जुलता कपड़ा लेकर उस जगह पर अच्छी तरह सिलाई कर दें. अगर जलने की वजह से हल्का गड्ढा बन गया है, तो पहले उसमें थोड़ा मुलायम कपड़ा या कॉटन भर दें, फिर ऊपर से कपड़ा सिल दें. इससे गद्दा पहले जैसा समतल दिखेगा. सिलाई मजबूत करें ताकि कपड़ा जल्दी न निकले. अगर जला हुआ हिस्सा बहुत खराब हो गया है, तो उसे काटकर हटाने के बाद सिलाई करना बेहतर रहेगा.
गद्दे पर नया कवर चढ़ाएं
अगर सिलाई के बाद भी गद्दा देखने में अच्छा नहीं लग रहा है, तो उस पर नया कवर लगा दें. बाजार में कई तरह के गद्दे के कवर आसानी से मिल जाते हैं, जो ज्यादा महंगे भी नहीं होते. नया कवर लगाने से जला हुआ निशान पूरी तरह छिप जाता है और पुराना गद्दा भी साफ और नया जैसा दिखने लगता है.
पूरे गद्दे को नए कपड़े से कवर करें
अगर आप नहीं चाहतीं कि किसी एक जगह की सिलाई अलग से दिखाई दे, तो पूरे गद्दे पर नया कपड़ा सिलवा सकती हैं. इससे आगे और पीछे दोनों तरफ गद्दा पूरी तरह ढक जाएगा. जब धूप दिखाने के लिए गद्दा बाहर रखा जाएगा, तब भी जले हुए निशान नजर नहीं आएंगे. साथ ही गद्दे की उम्र भी बढ़ जाएगी और वह ज्यादा साफ-सुथरा दिखाई देगा.

