अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को क्यूबा को लेकर बड़ा बयान देते हुए संकेत दिया कि अमेरिका भविष्य में वहां हस्तक्षेप कर सकता है। व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि पिछले कई अमेरिकी राष्ट्रपति पिछले 50-60 वर्षों से क्यूबा को लेकर कुछ बड़ा कदम उठाने पर विचार करते रहे हैं, लेकिन अब ऐसा लगता है कि यह काम शायद वही करेंगे।
यह भी पढ़ें- US: ‘होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाना ठीक नहीं, ईरान को यूरेनियम रखने नहीं देंगे’, ट्रंप की धमकी
क्यूबा को लेकर क्या सोचते हैं ट्रंप
ट्रंप ने कहा, ‘दूसरे राष्ट्रपति भी इस मुद्दे पर सोचते रहे, लेकिन लगता है कि अब मैं ही कुछ करूंगा। मुझे ऐसा करने में खुशी होगी।’ उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका चाहता है कि क्यूबा को इस तरह खोला जाए ताकि वहां रहने वाले क्यूबा मूल के अमेरिकी लोग वापस जाकर मदद कर सकें। हालांकि ट्रंप ने यह साफ नहीं किया कि उनका कुछ करने से क्या मतलब है। उन्होंने इस सवाल का भी जवाब नहीं दिया कि अमेरिकी विमानवाहक पोत निमिट्ज के दक्षिणी कैरेबियन क्षेत्र में पहुंचने की खबरों का क्या महत्व है। इससे पहले बुधवार को भी ट्रंप से क्यूबा में अमेरिकी कार्रवाई को लेकर सवाल पूछा गया था, लेकिन तब उन्होंने कहा था कि फिलहाल ऐसा कुछ नहीं होने जा रहा।
क्यूबा की आर्थिक स्थिति पर ट्रंप की टिप्पणी
ट्रंप ने क्यूबा की आर्थिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि क्यूबा एक असफल देश बन चुका है, जहां बिजली, पैसा और बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। ट्रंप ने कहा, ‘उनके पास वास्तव में कुछ भी नहीं है, लेकिन हम उनकी मदद करेंगे।’
‘उपहार के तौर पर बना रहा हूं बॉलरूम’
दूसरी ओर, ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रस्तावित नए बॉलरूम प्रोजेक्ट को लेकर भी बयान दिया। अमेरिकी सीनेट में रिपब्लिकन नेताओं के विरोध के बीच ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बॉलरूम के लिए सरकारी पैसे की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मैं बॉलरूम को एक उपहार के तौर पर बना रहा हूं।’
यह भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान में सुलह के संकेत: रुबियो बोले-ट्रंप के पास खुले हैं अन्य विकल्प, नाटो सहयोगियों पर भी बरसे
प्रोजेक्ट का पूरा खर्च खुद उठाएंगे ट्रंप
ट्रंप के अनुसार, इस परियोजना का खर्च वह खुद और कुछ दानदाता मिलकर उठाएंगे। हालांकि इसके फंडिंग मॉडल को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। ट्रंप ने कहा कि यह बॉलरूम केवल कार्यक्रमों के लिए नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना में सेना और सीक्रेट सर्विस भी सहयोग कर रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि व्हाइट हाउस में किए जा रहे बदलाव सिर्फ उनके लिए नहीं हैं क्योंकि उनका कार्यकाल एक दिन खत्म हो जाएगा। हालांकि ट्रंप पहले कई बार यह संकेत दे चुके हैं कि वह अपने कार्यकाल के बाद भी सत्ता में बने रहने की इच्छा रखते हैं।


