International Yoga Day 2026: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोग घंटों तक लैपटॉप या कंप्यूटर के सामने बैठकर काम करते हैं. ऑफिस जॉब हो या वर्क फ्रॉम होम, लगातार 8 से 10 घंटे तक एक ही जगह बैठे रहने से शरीर पर इसका असर दिखने लगता है. पीठ दर्द, गर्दन में अकड़न, कंधों में तनाव और शरीर की लचक कम होना जैसी समस्याएं आम हो गई हैं. ऐसे में योग इन परेशानियों से राहत दिलाने का एक आसान और प्राकृतिक तरीका साबित हो सकता है.
लंबे समय तक बैठने से क्या होता है?
जब हम कई घंटों तक एक ही मुद्रा में बैठे रहते हैं, तो रीढ़ की हड्डी, गर्दन और कूल्हों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. इससे शरीर की मुद्रा बिगड़ सकती है और मांसपेशियों में जकड़न महसूस होने लगती है। साथ ही लगातार स्क्रीन देखने से मानसिक थकान और तनाव भी बढ़ सकता है.
योग क्यों है फायदेमंद?
योग सिर्फ शरीर को लचीला बनाने का काम नहीं करता, बल्कि यह रक्त संचार को बेहतर बनाने, मांसपेशियों को सक्रिय रखने और मानसिक शांति देने में भी मदद करता है. नियमित योग अभ्यास से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और लंबे समय तक बैठने के दुष्प्रभावों को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
1. भुजंगासन

भुजंगासन रीढ़ की हड्डी को स्ट्रेच करने में मदद करता है. यह झुककर बैठने से होने वाले तनाव को कम करता है और छाती व कंधों को खोलने में सहायक होता है.
2. मार्जरी-व्याघ्रासन

कैट-काउ पोज के नाम से मशहूर यह योगासन रीढ़ की लचक बढ़ाने और पीठ की जकड़न दूर करने में मददगार माना जाता है.
3. अधोमुख श्वानासन

यह आसन पूरे शरीर को स्ट्रेच करता है. कंधे, पीठ और पैरों की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं, जिससे लंबे समय तक बैठने से होने वाली अकड़न कम हो सकती है.
4. ताड़ासन

ताड़ासन सही बॉडी पोस्टर विकसित करने में मदद करता है. यह खड़े होने और बैठने की सही आदतों के प्रति जागरूक बनाता है.
रोजाना कुछ मिनट का अभ्यास है जरूरी
यदि आपका काम लंबे समय तक बैठकर करने वाला है, तो रोजाना कुछ मिनट योग के लिए जरूर निकालें. भुजंगासन, मार्जरी-व्याघ्रासन, अधोमुख श्वानासन और ताड़ासन जैसे आसन शरीर को सक्रिय रखने, लचीलापन बढ़ाने और फिटनेस बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: International Yoga Day पर दिखना है स्टाइलिश और कंफर्टेबल? ट्राई करें ये योगा आउटफिट्स

