
Plants Watering Tips: घर में लगे पौधे तभी अच्छे दिखते हैं, जब उनकी सही देखभाल की जाए. कई लोग पौधों में RO का पानी डालते हैं, तो कई लोग टंकी का पानी. ऐसे में समझ नहीं आता कि कौन-सा पानी सही रहेगा. अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो चिंता मत कीजिए. यहां आसान शब्दों में जानते हैं कि पौधों के लिए कौन-सा पानी अच्छा माना जाता है.
टंकी और RO का पानी में कौन-सा सही है?
ज्यादातर पौधों के लिए टंकी का पानी अच्छा माना जाता है. इसमें ऐसी चीजें होती हैं, जो पौधों को बढ़ने में मदद करती हैं. लेकिन अगर आपके घर का पानी बहुत ज्यादा खारा है, तो उसका इस्तेमाल कम करें. RO का पानी साफ होता है, लेकिन उसमें से कई जरूरी चीजें भी निकल जाती हैं, इसलिए अगर हर बार सिर्फ RO का पानी ही देंगे, तो पौधों को उतना फायदा नहीं मिल पाएगा. अगर घर में छोटे इनडोर पौधे हैं, तो उन्हें कभी-कभी RO का पानी दिया जा सकता है.
पौधों को पानी कब देना चाहिए?
हर दिन पानी देना जरूरी नहीं होता. पहले मिट्टी को हाथ से छूकर देख लें. अगर मिट्टी सूखी लगे, तभी पानी दें. अगर मिट्टी पहले से गीली है, तो उस दिन पानी देने की जरूरत नहीं है.
मौसम के हिसाब से दें पानी
गर्मी में मिट्टी जल्दी सूख जाती है, इसलिए पौधों को ज्यादा पानी देना पड़ सकता है. वहीं बारिश और सर्दी में मिट्टी देर तक गीली रहती है. ऐसे में कम पानी देना ही सही रहता है.
पानी देते समय इन बातों का रखें ध्यान
पानी धीरे-धीरे डालें, ताकि वह गमले के नीचे तक पहुंच जाए. लेकिन इतना भी पानी न डालें कि गमले में पानी भर जाए. इससे पौधा ठीक से नहीं बढ़ पाता.
आखिर में एक बात
अगर आप चाहते हैं कि आपके पौधे लंबे समय तक हरे-भरे रहें, तो सही पानी देना बहुत जरूरी है. ज्यादातर पौधों के लिए टंकी का पानी अच्छा रहता है. साथ ही, मिट्टी सूखने पर ही पानी दें. इतनी-सी बात का ध्यान रखेंगे, तो आपके पौधे लंबे समय तक अच्छे दिखेंगे.
यह भी पढ़ें: बालकनी छोटी है तो क्या हुआ, इन 3 पौधों से उसे बना सकती हैं सबसे सुंदर

