Green Chilli Storage Hacks: अक्सर जब हम बाजार सब्जियां खरीदने जाते हैं, तो अपने साथ ढेर सारी हरी मिर्च भी खरीदकर ले आते हैं. यह एक ऐसी चीज है जिसके बिना खाने का स्वाद पूरी तरह से फीका और बेजान लगने लगता है. वैसे तो हम हरी मिर्च को हमेशा फ्रिज में ही स्टोर करके रखते हैं, ताकि वह लंबे समय तक फ्रेश और इस्तेमाल करने के लायक बनी रहे, लेकिन फिर भी कई बार ऐसा होता है कि फ्रिज में रखने के बावजूद यह दो से तीन दिनों में ही सड़ने और सूखने लग जाती है. अगर आप भी इस प्रॉब्लम से हमेशा जूझते रहते हैं, तो अब आपको टेंशन लेने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है. आज हम आपको कुछ बेहद ही आसान और सिंपल घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप हरी मिर्च को फ्रिज के अंदर कई हफ्तों तक एकदम फ्रेश और इस्तेमाल करने के लायक बनाकर रख सकेंगे. तो चलिए, इन बेहद आसान हैक्स के बारे में विस्तार से जानते हैं.

सबसे पहला और जरूरी काम है डंठल हटाना
अगर आप हरी मिर्च को लंबे समय तक फ्रेश बनाकर रखना चाहते हैं, तो इसका सबसे पहला नियम है कि उसके डंठल को तोड़कर अलग कर दें. आपको शायद जानकर हैरानी हो लेकिन, हरी मिर्च की सड़न की शुरुआत हमेशा उसके डंठल से ही होती है. इसी डंठल में मॉइस्चर जमा हो जाती है, जिससे फंगस लगने का खतरा बना रहता है. इसलिए मिर्च को स्टोर करने से पहले सभी डंठल को हाथ से तोड़ लें. सिर्फ ऐसा करने मात्र से ही मिर्च दोगुने समय तक फ्रेश रहने लग जाती है.
मिर्च को धोना और पूरी तरह सुखाना
जब भी आप बाजार से मिर्च को खरीदकर लाएं, तो सबसे पहले उसे साफ पानी से अच्छी तरह से धो लें ताकि उसमें जमी धूल और मिट्टी साफ हो जाए. इन्हें धो लेने के बाद सबसे जरूरी काम जो आपको करना है, वह है इन्हें अच्छी तरह से सुखाना. हरी मिर्च को एक साफ कॉटन के कपड़े या पेपर टॉवल पर फैलाकर रख दें. इस बात का ख्याल हमेशा रखें कि मिर्च पर जरा-सा भी मॉइस्चर या पानी की बूंद नहीं रहनी चाहिए. अगर आप गीली मिर्च को फ्रिज में रख देंगे, तो वह बहुत जल्दी गलने लग जाएगी.
खराब और गली हुई मिर्च को अलग करना
जब भी आप हरी मिर्च के डंठल को साफ कर रहे हों, तो उसी समय आपको पूरी सावधानी बरतनी चाहिए. सफाई करते समय सावधानी से जांच लें कि कहीं कोई मिर्च पहले से खराब, गली या फिर कटी-फटी हुई तो नहीं है. अगर एक भी मिर्च खराब निकल जाए, तो वह अपने आस-पास की बाकी सभी अच्छी मिर्चों को भी बहुत जल्दी सड़ा देगी. ऐसा न हो इसलिए थोड़ी सी भी दाग वाली या सॉफ्ट पड़ चुकी मिर्च को छांटकर अलग कर लें और उसका इस्तेमाल पहले कर लें.
ये भी पढ़ें: क्या आप भी फ्रिज में ठूंस-ठूंसकर रखते हैं सामान? तुरंत जान लें इसके नुकसान
टिशू पेपर और एयरटाइट डिब्बे का जादू
अगर आप हरी मिर्च को लंबे समय तक स्टोर करके रखना चाहते हैं, तो इसका सबसे बेस्ट तरीका है एक साफ और सूखे एयरटाइट प्लास्टिक या कांच के डिब्बे का इस्तेमाल करना. इस डिब्बे के नीचे एक टिशू पेपर या अखबार का टुकड़ा बिछा दें और इसके बाद ही डंठल टूटी हुई और सूखी मिर्च को उसमें रखें.
इसके बाद मिर्च के ऊपर से भी एक और टिशू पेपर रख दें और फिर डिब्बे का ढक्कन बंद करके फ्रिज में रखें. यह टिशू पेपर फ्रिज के मॉइस्चर को एब्जॉर्ब कर लेता है, जिससे मिर्च हफ्तों तक बिल्कुल फ्रेश और क्रिस्पी बनी रहती है.
जिपलॉक बैग का करें इस्तेमाल
अगर आपके फ्रिज में डिब्बा रखने की जगह नहीं बची है, तो ऐसे में आप जिपलॉक बैग का भी इस्तेमाल बिना किसी टेंशन के कर सकते हैं. सबसे पहले, अच्छे से सुखाई हुई हरी मिर्च को टिशू पेपर में लपेटकर जिपलॉक बैग में डालें. अब इस बैग को बंद करने से पहले उसके अंदर की सारी हवा को बाहर निकाल दें. हवा और मॉइस्चर न मिलने की वजह से ये मिर्चें लंबे समय तक खराब नहीं होंगी.
ये भी पढ़ें: किचन से कॉकरोच का होगा हमेशा के लिए सफाया, आज ही बदल लें अपनी ये 5 आदतें

