Crispy French Fries Recipe: फ्रेंच फ्राइज एक ऐसी चीज है जिसे केवल बच्चे ही नहीं, बल्कि हर उम्र के लोग बड़े चाव से खाते हैं. शाम की हल्की भूख हो या वीकेंड पर कुछ मजेदार नाश्ता बनाना हो, बच्चे हर बार फ्राइज की ही डिमांड करते हैं. ऐसे में बार-बार उन्हें बाहर का फ्राइड खाना खिलाना सेहत के लिए ठीक नहीं होता, इसलिए कई माताएं अब घर पर ही इसे बनाने लगी हैं. लेकिन दिक्कत यह होती है कि घर के बने फ्राइज बाजार जैसे कुरकुरे नहीं बनते और बच्चे उन्हें खाने में नखरे दिखाते हैं. अगर आप इसे बनाने के कुछ सही और आसान तरीके फॉलो करेंगी, तो आपके हाथ के बने फ्राइज भी बिल्कुल मार्केट जैसे टेस्टी बनेंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने के कुछ खास और सीक्रेट टिप्स.
सही आलू चुनना और काटना है जरूरी
- सही आलू का चुनाव: फ्राइज बनाने के लिए हमेशा बड़े और पुराने आलू ही चुनें. पुराने आलू में स्टार्च की मात्रा अच्छी होती है, जिससे फ्राइज एकदम बढ़िया बनते हैं. नए या गीले आलू से फ्राइज एकदम नरम और ढीले पड़ जाते हैं.
- एक साइज में काटना: फ्राइज को हाथों से काटने की जगह अगर आप चॉपर या मशीन का इस्तेमाल करेंगी, तो सभी फ्राइज एक बराबर साइज के कटेंगे. आलू ज्यादा मोटे कटेंगे तो वे अंदर से कच्चे रह जाएंगे और क्रिस्पी नहीं बनेंगे.
आलू को पानी में भिगोना और सुखाना है जरूरी
- पानी में भिगोकर रखें: आलू को काटने के बाद कम से कम आधे घंटे के लिए पानी में डालकर छोड़ दें. आप चाहें तो बीच में एक बार पानी बदल भी सकती हैं. इससे आलू का एक्स्ट्रा स्टार्च निकल जाता है और फ्राइज आपस में चिपकते नहीं हैं.
- पानी सुखाना है जरूरी: पानी से निकालने के बाद आलू को किसी साफ सूती कपड़े पर फैलाकर अच्छे से पोंछ लें. ध्यान रखें कि आलू में बिल्कुल भी पानी नहीं रहना चाहिए. पोंछने के बाद इसे थोड़ी देर हवा में छोड़ दें ताकि नमी पूरी तरह खत्म हो जाए.
दो बार तलने से फ्राइज बनेंगे एकदम कुरकुरे

- पहली बार हल्का तलें: सबसे पहले तेल को गर्म करें और आलू को डालकर हल्का सा पका लें. ध्यान रखें कि पहली बार में इनका रंग नहीं बदलना चाहिए, बस ये थोड़े पक जाएं. अब इन्हें निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें.
- दूसरी बार सुनहरा होने तक तलें: जब फ्राइज अच्छे से ठंडे हो जाएं, तो उन्हें फ्रिज से निकालें. अब दोबारा तेज गर्म तेल में डालकर इन्हें सुनहरा होने तक अच्छे से तल लें. इस तरीके से फ्राइज एकदम कुरकुरे बनेंगे और लंबे समय तक सॉफ्ट नहीं होंगे.
- नमक सबसे आखिर में डालें: एक बात का हमेशा ध्यान रखें कि फ्राइज में नमक पहले कभी न डालें. जब फ्राइज पूरी तरह तलकर तैयार हो जाएं, तब ऊपर से नमक और चाट मसाला छिड़कें
यह भी पढ़ें: एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे, जानिए दही कबाब बनाने की आसान रेसिपी
The post अब घर पर बनेंगे एकदम क्रिस्पी और टेस्टी फ्रेंच फ्राइज, जानें सीक्रेट टिप्स appeared first on Prabhat Khabar.
