महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत को लेकर उनके ही परिवार में मतभेद उभरते दिखाई दे रहे हैं। राज्य की वर्तमान उपमुख्यमंत्री और दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के ताजा बयान से ऐसे ही संकेत मिल रहे हैं। दरअसल सुनेत्रा पवार ने विपक्षी नेताओं से अपने पति अजित पवार की मौत का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता की मां, बच्चों और उनके दुख को कोई और नहीं समझ सकता। ऐसा माना जा रहा है कि सुनेत्रा पवार ने परोक्ष रूप से सुप्रिया सुले पर तंज कसा है।

सुनेत्रा पवार ने क्या कहा?
तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की इस साल 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाईअड्डे के पास विमान हादसे में मौत हो गई थी। मौजूदा एनसीपी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘सम्माननीय अजित दादा के निधन से महाराष्ट्र में जो शून्य पैदा हुआ है, वह बहुत बड़ा है। उनकी मां, उनके बच्चों और मेरे अलावा उस दर्द को कौन बेहतर समझ सकता है? इसलिए अजित दादा के साथ हुए हादसे का राजनीतिकरण न करें।’
उन्होंने कहा कि परिवार और अन्य संबंधित लोग हादसे के बाद ठोस निर्णय चाहते थे और इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। डिप्टी सीएम ने कहा, ‘हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पहले ही मिल चुके हैं। सभी इससे अवगत हैं। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में वादा किया है और उसे पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।’
डिप्टी सीएम बोलीं- उन्हें कानून पर पूरा भरोसा
- उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें कानून और संविधान पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और उन्हें इसके लिए समय दिया जाना चाहिए।
- सुनेत्रा पवार ने कहा, ‘लगातार मीडिया के सामने आने का मतलब यह नहीं है कि जांच के बारे में कोई अपडेट मिल रहा है। यह संदेह पैदा होता है कि क्या बार-बार मीडिया ट्रायल किया जा रहा है।’
- उन्होंने इस मामले पर टिप्पणी करने वाले सभी लोगों से अजित पवार की मां, बच्चों और उनके खुद के दुख पर विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘सभी को यह सोचना चाहिए कि अजित दादा की मां, उनके बच्चों और मुझसे ज्यादा इस घटना से आहत कौन हो सकता है।’
सुप्रिया सुले ने कहा था- हमारा भाई चला गया और वे सत्ता का आनंद ले रहे
सुनेत्रा पवार की यह टिप्पणी एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले द्वारा हादसे के बाद एनसीपी पर सत्ता का आनंद लेने का आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद आई है। सुले ने बुधवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था, ‘मेरे भाई (उनके चचेरे भाई अजित पवार) की मौत के मामले में एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई? हमने अपने परिवार के एक प्रमुख सदस्य को खो दिया। एनसीपी (अजित पवार गुट) मौजूदा सरकार का हिस्सा है। क्या उनके 40 विधायकों या आठ-नौ मंत्रियों में से किसी ने कभी मेरे भाई की मौत के मामले में एफआईआर या उचित जांच की मांग को लेकर एक शब्द भी कहा है? हमारा भाई चला गया और वे सत्ता का आनंद ले रहे हैं।’

