भाजपा का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाए जाने के बाद केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की सरकार में भूमिका को लेकर लग रहे कयासों के बीच उनका अमेरिका दौरा अहम संकेत दे रहा। गोयल सितंबर के आखिर में अमेरिका जाएंगे और 30 सितंबर से मिलवॉकी में शुरू हो रही जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर के साथ उनकी द्विपक्षीय बातचीत भी प्रस्तावित है।
संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद सवाल उठ रहा था कि क्या पीयृष गोयल मंत्रालय में बने रहेंगे। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े अहम मंच पर वाणिज्य मंत्री के तौर पर उनका जाना तय होना महत्वपूर्ण है। गोयल की आधिकारिक प्रोफाइल में भी उन्हें वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री और भाजपा का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बताया गया है।
21 दिनों में 2.20 लाख करोड़ पार हुआ निर्यात
सूत्रों के मुताबिक 21 अगस्त 2026 तक भारत का वस्तु निर्यात पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 15 फीसदी से अधिक बढ़कर 2.20 लाख करोड़ के पार पहुंच गया।
समझौते के पहले चरण पर टिकी नजर
गोयल का अमेरिका दौरा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिहाज से भी अहम होगा। इससे पहले उनकी अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर के साथ जून में वार्ता हुई थी। जी-20 बैठक में गोयल के दूसरे देशों के व्यापार मंत्रियों के साथ भी मुलाकातों की संभावना है। इनमें दोतरफा व्यापार व निवेश बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी।

