विराट कोहली ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ बुधवार को खेले गए मुकाबले में 49 रनों की शानदार पारी खेली, जिसने RCB की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. बस एक अफसोस था कि कोहली अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए, वह सिर्फ 1 रन से चूक गए. स्टेडियम में मौजूद उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी इससे उदास हो गईं. कोहली के आउट होने के बाद कैमरा सीधे उनकी पत्नी पर गया, उनका रिएक्शन वायरल हो रहा है.
विराट कोहली मैच में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं थे, क्योंकि आरसीबी पहले गेंदबाजी कर रही थी. वह इम्पैक्ट प्लेयर बनकर ओपनिंग पर आए, पहले ही ओवर में एक रन आउट का मौका बचा था. इसके बाद फिल साल्ट (7) के रूप में पहला विकेट जल्दी गिर गया था. इसके बाद कोहली ने देवदत्त पडिक्कल संग 57 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. इसमें पडिक्कल ने सिर्फ 10 रन बनाए, वह आठवें ओवर में आउट हुए. 10वें ओवर की समाप्ति पर RCB का स्कोर 86 था, कोहली 49 पर थे और 11वां ओवर डालने आए आवेश खान.
कोहली 49 पर हुए आउट तो अनुष्का हुई उदास
आवेश खान द्वारा डाली गई 11वें ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली निकोलस पूरन के हाथों कैच आउट हुए. कोहली 49 पर थे, वह अपने अर्धशतक से सिर्फ 1 रन दूर थे. उनके विकेट से सभी आरसीबी और कोहली फैंस मायूस थे, स्टैंड में बैठी उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी उदास हो गईं. जैसे गेंद हवा में थी, उन्होंने अपना सिर नीचे कर लिया और कैच होते ही सिर पकड़ लिया. ये रिएक्शन वायरल हो रहा है.
Anushka Sharma Disappointed when Virat Kohli dismiss at 49 runs pic.twitter.com/cyYgIUND3M
— Learn-Survive (@pandu291190) April 15, 2026
यह भी पढ़ें- ‘मैं अभी भी 100 प्रतिशत फिट नहीं हूं और इसलिए…’, विराट कोहली ने दे दिया फैन्स के लिए बड़ा बयान
रसिक ने 4, भुवनेश्वर ने लिए 3 विकेट
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की गेंदबाजी शानदार रही, जिन्होंने लखनऊ को 146 पर रोक दिया. भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवरों में 27 रन देकर 3 विकेट लिए. रसिक सलाम ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए. क्रुणाल पांड्या ने 2 और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट लिया.


