चेन्नई सुपर किंग्स सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुए मुकाबले में 5 विकेट से हार गई. 180 रनों को डिफेंड करते हुए चेन्नई ने अच्छी फाइट की, मैच अंतिम ओवरों तक किसी एक टीम के पक्ष में नहीं था लेकिन अंत में SRH ने मैच जीत लिया. ऋतुराज गायकवाड़ ने मुकाबले के बाद हार पर चर्चा करते हुए कहा कि हम कुछ मौकों को भुना नहीं पाए.
ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, “ये अच्छा गेम हुआ. हम अंतिम ओवरों तक मैच में थे. टी20 क्रिकेट के लिए ये अच्छी पिच थी. पूरे मैच में पिच का बर्ताव एक जैसा रहा, हम बस कुछ मौकों को फायदा नहीं उठा पाए, जिन मौकों को हम भुना सकते थे. खैर, हमारी टीम और सीमित स्क्वॉड को देखते हुए मुझे अपनी टीम पर गर्व है और मेरा मानना है कि हमारी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया. इसमें हमारे लिए कई पॉजिटिव बातें रहीं.”
गायकवाड़ ने संजू सैमसन के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, “वो (संजू) हमारे लिए बहुत अच्छा खेल रहा है. हम अपने कुछ महत्वपूर्ण खिलाड़ियों के बिना खेल रहे थे. ये कई बातों पर निर्भर करता है. आज हर खिलाड़ी ने अपना पूरा जोर लगाया और मुझे इस पर गर्व है. हमारे प्रशंसक हर अच्छे बुरे समय में हमारा साथ देते हैं. पिछले संस्करण की तुलना में इस साल हमारी टीम का प्रदर्शन बहुत बेहतर रहा.”
यह भी पढ़ें- ‘मुझे फर्क नहीं पड़ता कि वो खेलें या नहीं…’, एमएस धोनी को लेकर ये क्या बोल गए संजय मांजरेकर
ईशान किशन को मिला POTM अवार्ड
डेवाल्ड ब्रेविस (44), कार्तिक शर्मा (32) की महत्वपूर्ण पारियों की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स 180 रनों तक पहुंच गई थी, जो इस पिच पर अच्छा टोटल था. लक्ष्य का पीछा करते हुए ट्रेविस हेड (6) के बाद अभिषेक शर्मा (26) भी जल्दी आउट हो गए, लेकिन फिर ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की साझेदारी ने SRH की तरफ मैच झुका दिया.

यह भी पढ़ें- 3 टीमों ने प्लेऑफ के लिए किया क्वालीफाई, अब 1 स्पॉट और 5 टीमों के बीच लड़ाई; जानें ताजा समीकरण
हेनरिक क्लासेन ने 26 गेंदों में 47 रन बनाए, हालांकि अंत में अच्छी गेंदबाजी के चलते चेन्नई सुपर किंग्स मैच में बनी हुई थी. लेकिन ईशान किशन की शानदार पारी CSK से मैच को दूर लेती चली गई. ईशान ने 47 गेंदों में 70 रन बनाए, इसमें उन्होंने 3 छक्के और 7 चौके जड़े. जब वह आउट हुए तब SRH जीत की दहलीज पर थी और 9 गेंदों में 6 रन चाहिए थे. 19वें ओवर की अंतिम गेंद पर रविचंद्रन स्मरण ने विजयी चौका लगाया.

