रियान पराग का मानना है कि 215 रन डिफेंड हो सकते थे. उन्होंने कहा कि हम जानते थे कि हमें गुजरात टाइटंस के ओपनर्स को जल्दी आउट करना होगा, लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए और फिर मैच हमसे दूर होता गया. शुक्रवार को हुए दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 214 रन बनाए थे, वैभव सूर्यवंशी ने 96 रनों की शानदार पारी खेली. शुभमन गिल के शतक और साईं सुदर्शन की अर्धशतकीय पारी ने GT के लिए लक्ष्य आसान बना दिया था, टीम 7 विकेट से मुकाबले को जीत गई.
रियान पराग ने कहा, “मेरा मानना था कि 215 के स्कोर को डिफेंड किया जा सकता है, लेकिन मुझे यह भी लगा कि भारी रोलर चलने के बाद विकेट बल्लेबाजी के लिए थोड़ा बेहतर हो गया था. पहली पारी में स्पिनरों को थोड़ी ज्यादा ग्रिप मिल रही थी और छोटी, धीमी गेंदें ज्यादा रुककर आ रही थीं. 230-240 का स्कोर ऐसा होता जिसे हासिल करना कठिन रहता. उनकी बल्लेबाजी जिस तरह की है, उसे देखते हुए हम जानते थे कि हमें उनके ओपनर्स को जल्दी आउट करना होगा लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए. इसके बाद मैच हमसे दूर होता चला गया.”
जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा विकेट को तरसते हुए नजर आए, गुजरात टाइटंस का पहला विकेट साईं सुदर्शन के रूप में 13वें ओवर में गिरा वो भी बल्लेबाज कि खुद की गलती से. दरअसल साईं के हाथ से बैट छूट गया था, जो स्टंप पर जाकर लगा. पराग ने कहा कि हमारी टीम में अनुभव की कमी थी, हमने कई कॉम्बिनेशन आजमाएं और हमारे खिलाड़ियों ने हिम्मत दिखाई और आगे के लंबे सफर की शानदार शुरुआत की.

यह भी पढ़ें- शुभमन गिल ने बनाए 3 बड़े रिकॉर्ड, IPL इतिहास में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने
वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या बोले कप्तान
रियान पराग ने वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन को लेकर कहा, “उन्होंने जैसे प्रदर्शन किया उसे शब्दों में नहीं बयां कर सकता. कोई अंधाधुंध शॉट लगाकर रन बनाता है, लेकिन वैभव ऐसा नहीं करते वह अंधाधुंध शॉट नहीं खेलते. आज जैसी पारी आप लप्पा शॉट खेलकर नहीं खेल सकते. वह परिस्थिति को समझता है, मुझे समझ नहीं आता कि वो ऐसे कैसे कर लेता है. मुझे उम्मीद है वो देश के लिए भी ऐसा करेगा, देश का नाम रौशन करेगा और हमारे लिए खेलता रहेगा और हमें दूसरी ट्रॉफी भी दिलाएगा.”
यह भी पढ़ें- राजस्थान रॉयल्स की हार से टूटे वैभव सूर्यवंशी, नहीं रुक रहे थे आंसू; वायरल हुआ वीडियो
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 16 पारियों में 776 रन बनाए, वह अभी ऑरेंज कैप होल्डर हैं. उन्होंने इस दौरान अपने IPL के 1000 रन भी पूरे किए. वह सबसे कम मैचों में इस आंकड़े को छूने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस संस्करण उन्होंने कुल 72 छक्के लगाए, जो एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए छक्कों में सबसे ज्यादा है.

