इंडियन प्रीमियर लीग सीजन 19 के छठे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराया. सीजन की पहली जीत के साथ SRH ने पहले दो अंक हासिल किए, वहीं KKR लगातार दूसरा मैच हारकर अंक तालिका में और नीचे लुढ़क गई. मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 226 रन बनाए थे, जवाब में कोलकाता की पूरी टीम 161 रनों पर ढेर हो गई. अपने ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए नितीश कुमार रेड्डी को मैच का सर्वश्रेष्ठ प्लेयर चुना गया, जिन्होंने 2 विकेट लिए और 39 रन बनाए.
अंक तालिका में कहां पहुंची SRH?
सनराइजर्स हैदराबाद को पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार मिली थी, अब पहली जीत के साथ हैदराबाद तालिका में गुजरात टाइटंस से ऊपर आ गई. हैदराबाद ने 2 में से 1 मैच जीता और 1 हारा, 2 अंक और +0.469 की नेट रन रेट के साथ हैदराबाद छठे नंबर पर आ गई है.
कोलकाता नाइट राइडर्स की ये लगातार दूसरी हार है, वह नौवें स्थान पर लुढ़क गई. टीम का नेट रन रेट -1.964 का है. 10वें स्थान पर -4.171 की नेट रन रेट के साथ चेन्नई सुपर किंग्स है. गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स अन्य 2 टीमें हैं, जो अपना पहला मैच हार गई थी. गुजरात -0.509 और लखनऊ -1.397 की नेट रन रेट के साथ क्रमश 7वें और 8वें स्थान पर है.
पहले नंबर पर है राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के 2 अंक हैं. सबसे अच्छा नेट रन रेट राजस्थान है. +4.171 की नेट रन रेट के साथ राजस्थान अंक तालिका में पहले नंबर पर है. +2.907 की नेट रन रेट के साथ RCB दूसरे स्थान पर है. तीसरे स्थान पर काबिज DC का नेट रन रेट +1.397 का है. MI (+0.687) चौथे, PBKS (+0.509) पांचवें और SRH (+0.469) छठे स्थान पर है.
IPL 2026 में आज किसका मैच है?
आज इंडियन प्रीमियर लीग सीजन 19 का 7वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच है. ये मैच चेन्नई में होगा.


