IPL 2026 के पहले क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 92 रनों से करारी शिकस्त दी. गेंदबाजी, बल्लेबाजी के साथ फील्डिंग में भी GT के खिलाड़ियों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया. इस हार के बाद प्रेस कांफ्रेंस में ग्लेन फिलिप्स को देखकर लोग हैरान हो गए, दरअसल वह इस मैच की प्लेइंग 11 में नहीं थे. उन्हें प्रेस के मुश्किल सवालों का सामना करना पड़ा, लेकिन एक सवाल पर वह भड़के हुए नजर आए.
जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन बनाए तो गुजरात टाइटंस ने पहले ही हार मान ली थी? इस सवाल पर ग्लेन फिलिप्स हैरान रह गए, उन्होंने इसे बेवकूफी भरा सवाल बताते कहा कि एक खिलाड़ी मैदान पर अपना सबकुछ झोंक देता है, अंत तक हार नहीं मानता. बता दें कि RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए IPL इतिहास में प्लेऑफ का सबसे बड़ा टोटल (254) बनाया. रजत पाटीदार ने 33 गेंदों में 93 रनों की शानदार पारी खेली.
फिलिप्स ने कहा, “ये बेवकूफी भरा सवाल है. सच में ये बेवकूफी भरा ही है. पता है? कोई भी खिलाड़ी मैदान पर ये सोचकर नहीं उतरता कि हम हार मानते हैं, तो एक प्रोफेशनल खिलाड़ी के तौर पर हम ऐसा क्यों करेंगे? ये सवाल बहुत खराब है. हमने ग्राउंड पर अपना सबकुछ झोंक दिया. जब आप 250 रनों का पीछा कर रहे होते हैं तो जरुरी होता है कि आपके साथ सबकुछ सही हो, हम भी यही सोचकर मैदान पर उतरे थे लेकिन बदकिस्मती से ऐसा नहीं हुआ.”
यह भी पढ़ें- 8 छक्के… एलिमिनेटर से पहले वैभव सूर्यवंशी ने 10 गेंदों में जड़ी फिफ्टी, वीडियो हुआ वायरल
बड़े लक्ष्य का दबाव
हालांकि फिलिप्स ने माना कि टीम पर बड़े स्कोर का दबाव जरूर था. उन्होंने कहा, “जब आप 250 रनों का पीछा कर रहे होते हो तो जाहिर सी बात है कि स्कोरबोर्ड का दबाव होता ही है. बहुत कम टीमें इतने बड़े स्कोर का पीछा करते हुए जीत पाई, पंजाब किंग्स ने कुछ मैचों में ऐसा किया जो शानदार था.”
ग्लेन फिलिप्स से जब ये पूछा गया कि आप प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं थे, फिर भी प्रेस कांफ्रेंस में हैं तो आपको अजीब नहीं लग रहा? इस पर उन्होंने कहा, “नहीं, ठीक है. हम सभी एक टीम का हिस्सा हैं और मीडिया के सामने हमारी सभी की भूमिका बराबर है. मुझे लगता है कभी-कभी किसी बाहरी व्यक्ति का नजरिया, जो मैच नहीं खेल रहा हो, काफी मददगार होता है. हमने अभी तक बहुत अच्छी क्रिकेट खेली है, इसलिए जो खिलाड़ी मैदान पर हैं उन्हें जरुरी चीजों का प्रयोग करना चाहिए, ताकि अगले मैच के लिए अच्छे से तैयार हो सकें.”
यह भी पढ़ें- 9 छक्के, 5 चौके… रजत पाटीदार ने 281 की स्ट्राइक रेट से बनाए 93 रन, बेंगलुरु ने रचा इतिहास
अब गुजरात टाइटंस को फाइनल में पहुंचने का दूसरा और आखिरी मौका मिलेगा, टीम 29 मई को क्वालीफायर-2 खेलेगी. उनके सामने आज एलिमिनेटर की विजेता टीम होगी. एलिमिनेटर मैच सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच है, जिसमें हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी.


