इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने एक ऐसा हैरान करने वाला फैसला लिया है जिसने दिग्गजों को भी चौंका दिया। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ तीन मैच खिलाने के बाद प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया। उनकी जगह अनुभवी खिलाड़ी संजू सैमसन की एकादश में वापसी हुई है, जिन्हें पहले सूर्यवंशी के लिए ही टीम से ड्रॉप किया गया था।
भारत पहले ही इस टी20 सीरीज को गंवा चुका है, जहां इंग्लैंड शुरुआती चार मैचों के बाद 3-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच बारिश की भेंट चढ़ा था, जबकि अगले तीन मैच इंग्लैंड ने अपने नाम किए थे। वैभव को पहले मैच में मौका नहीं मिला था, जबकि दूसरे टी20 से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।
उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा प्रदर्शन
- भारतीय टीम में हाल के दिनों में चयन चौंका रहा जो फैंस और दिग्गजों की समझ से परे रहा है।
- वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में मौका नहीं मिला था।
- इसके बाद अगले तीन मैचों में जब मौका मिला, तो उन्होंने क्रमशः 14, 13 और 15 रन बनाए। वे कोई बड़ा इम्पैक्ट छोड़ने में नाकाम रहे।
- सूर्यवंशी के आने से पहले सैमसन को लगातार मौके मिले थे, लेकिन उन्होंने पिछली तीन पारियों में सिर्फ 5, 0 और 1 रन बनाए थे, जिसके बाद उन्हें ड्रॉप किया गया था। अब एक बार फिर उन्हें वापस लाया गया है।
फैसले पर उठे सवाल
सीरीज का नतीजा पहले ही साफ हो चुका है, ऐसे में यह पांचवां मैच सिर्फ एक औपचारिकता मात्र है। यही वजह है कि सुनील गावस्कर, नासिर हुसैन और रवि शास्त्री जैसे दिग्गज सूर्यवंशी को बाहर किए जाने के फैसले से बेहद हैरान दिखे। इन दिग्गजों का मानना है कि जब सीरीज में खोने के लिए कुछ नहीं था, तो युवा सूर्यवंशी को मौका दिया जाना चाहिए था। गावस्कर और ग्रीम स्वान ने कयास लगाए थे कि शायद ईशान किशन इस मैच में न खेलें, क्योंकि कोच गौतम गंभीर और ईशान के बीच मैदान पर काफी लंबी बातचीत देखी गई थी। भारत को इस सीरीज के ठीक बाद 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ अगली टी20 सीरीज खेलनी है। चौंकाने वाली बात यह है कि वैभव सूर्यवंशी उस जिम्बाब्वे दौरे की टीम का हिस्सा हैं, जबकि संजू सैमसन को उसमें जगह नहीं मिली है। ऐसे में भविष्य की तैयारी के लिहाज से भी सूर्यवंशी का खेलना ज्यादा सही फैसला माना जा रहा था।
कप्तान अय्यर ने क्या कहा?
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस बदलाव बचाव किया। अय्यर ने कहा, हां हमने टीम में दो बदलाव किए हैं। वॉशिंगटन सुंदर की जगह सूर्यांश शेडगे आए हैं और सूर्यवंशी की जगह संजू सैमसन को शामिल किया गया है। मुझे लगता है कि यह सही समय है जब हमें यह समझने की जरूरत है कि एक टीम के रूप में आगे बढ़ने के लिए हमारे लिए क्या सबसे सही संयोजन है। इसी को ध्यान में रखकर हमने यह फैसला लिया है।
भारत ने लगातार किए बदलाव
- भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में प्लेइंग-11 में कई बार बदलाव किए, लेकिन कोई संयोजन सफल नहीं हो सका।
- पहले मैच में संजू और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने ओपनिंग की, लेकिन सफल नहीं हुए।
- इसके बाद अगले तीन मैचों में वैभव और अभिषेक पारी का आगाज करने उतरे। वैभव से काफी उम्मीदें थी, लेकिन तीनों ही मैच में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।
- वैभव उस फॉर्म में नजर नहीं आए जिसकी उम्मीद उनसे की जा रही थी।


