आईपीएल 2026 के 63वें मुकाबले में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 5 विकेट से हराया. इस जीत के साथ ही एसआरएच ने प्लेऑफ का टिकट भी हासिल कर लिया है. टीम के कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन के बीच हुई साझेदारी मैच का टर्निंग प्वाइंट रही.
पैट कमिंस ने मैच के बाद कहा, “सच में अच्छा लगा. यह उससे थोड़ा अलग था जैसा हम आमतौर पर खेलते हैं. यह बैटिंग के लिए काफी मुश्किल विकेट था. मुझे लगा कि जिस तरह से क्लासेन और ईशान ने चेज किया, वह सच में शानदार था, इसलिए बहुत खुश हूं. मुझे लगता है कि ईशान-क्लासेन के बीच हुई साझेदारी मैच का टर्निंग प्वाइंट रही. पिच बल्लेबाजी के लिए मुश्किल थी. हमें लगा कि आपको एक-दो अच्छी साझेदारियों की जरूरत है. एक बार जब आप क्रीज पर सेट हो जाते हैं, तो यह थोड़ा आसान हो जाता है. एक नए बल्लेबाज के लिए विकेट सच में मुश्किल था, लेकिन उन्होंने बस अपने मैच-अप चुने और कुछ जबरदस्त शॉट खेले”.
यह भी पढ़ें- 3 टीमों ने प्लेऑफ के लिए किया क्वालीफाई, अब 1 स्पॉट और 5 टीमों के बीच लड़ाई; जानें ताजा समीकरण
सीएसके के खिलाफ एसआरएच के बल्लेबाज थोड़ा संभलकर खेलते हुए नजर आए. टीम की इस मुकाबले में बैटिंग अप्रोच पर बात करते हुए कमिंस ने कहा, “हां, मैं यह नहीं कहूंगा कि हम जिम्मेदार बल्लेबाजी के लिए मशहूर हैं, लेकिन शायद जब आप पूछते हैं, तो आपको कभी पता नहीं चलता. बेशक, जब हम गेंदबाजी कर रहे थे और हमें लगा कि गेंद थोड़ी नीचे रह रही है. गेंद ग्रिप कर रही थी, ऐसे में आप क्रीज पर जाकर पहली गेंद से बड़े शॉट नहीं खेल सकते थे. जीत का श्रेय यकीनन बल्लेबाजों को जाता है, उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया”.
एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 180 स्कोरबोर्ड पर लगाए. डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंदों में 44 रनों की दमदार पारी खेली, तो कार्तिक शर्मा 19 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, संजू सैमसन ने 27 रनों का योगदान दिया.
हालांकि, एसआरएच ने 181 रनों के लक्ष्य को 5 विकेट खोकर 19 ओवर में हासिल कर लिया. ईशान किशन ने 47 गेंदों में 70 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि हेनरिक क्लासेन ने महज 26 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 47 रन बनाए. दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 75 रनों की अहम साझेदारी निभाई.
यह भी पढ़ें- क्लासेन और संजू सैमसन के बीच मैदान पर हुआ बड़ा विवाद, बीच मैच में भिड़े, अंपायर्स को करना पड़ा बीच-बचाव


