Instant Bread Recipes: सुबह की भागदौड़ के बीच ब्रेकफास्ट बनाना किसी जंग से कम नहीं लगता है. खुद ऑफिस के लिए रेडी होना और बच्चों को भी स्कूल के लिए तैयार करके भेजना अपने आप में एक सिरदर्द का काम होता है. समय की हो रही कमी को देखते हुए ऐसा होता है कि हम खुद भी और अपने बच्चों को भी ब्रेकफास्ट में ब्रेड-बटर या फिर वही हर दिन सेम सैंडविच खिलाकर भेज देते हैं. जब बार-बार बच्चों को एक ही तरह की चीजें नाश्ते में दी जाने लगती हैं, तो वे काफी चिढ़ जाते हैं और बोर होने की शिकायत भी करने लगते हैं.

अगर आपके परिवार की भी यही कहानी है, तो अब आपको सुबह के नाश्ते की टेंशन लेने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. आज हम आपको आपके फ्रिज में रखी ब्रेड से बनने वाली कुछ बहुत ही नई और मजेदार रेसिपीज के बारे में बताने जा रहे हैं. इन रेसिपीज की सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाने में आपको ज्यादा से ज्यादा 10 से 15 मिनट का ही समय लगता है. तो चलिए, जानते हैं इन मजेदार और टेस्टी रेसिपीज के बारे में विस्तार से.

ट्राय करें चटपटा और मसालेदार ब्रेड पोहा
अगर आप हर दिन एक ही तरह का पोहा खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार आपको ब्रेड पोहा की इस रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए. इसे बनाना बहुत ही आसान और कम समय वाला काम है, लेकिन यह खाने में बहुत ही लाइट और मजेदार फील होता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड की स्लाइस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद एक कढ़ाई में थोड़ा सा तेल गरम करें और फिर उसमें राई, कढ़ी पत्ता, कटी हुई हरी मिर्च और बारीक कटा प्याज डालकर लाइट गोल्डन होने तक भूनें. इसके बाद हल्दी, नमक और थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर मिलाएं. अब इसमें ब्रेड के टुकड़े डालें और थोड़ा सा पानी का छिड़काव करें ताकि ब्रेड सॉफ्ट हो जाए. इसे 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं और लास्ट में ऊपर से हरा धनिया और नीबू का रस डालकर सर्व करें.
ये भी पढ़ें: घर में रखी है सूजी? उपमा-हलवा छोड़ मिनटों में बनाएं ये 5 यूनिक नाश्ते, नोट कर लें आसान रेसिपी
हर मौके के लिए परफेक्ट क्रिस्पी और टेस्टी ब्रेड रोल
चाहे बात सुबह के नाश्ते को हो या फिर शाम की चाय की, ब्रेड रोल हर मौके के लिए एकदम बेस्ट और परफेक्ट डिश है. खासकर बात करें अगर बच्चों की टिफिन की, तो यह एक बेहतरीन चॉइस साबित हो सकता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलू को अच्छी तरह से मैश कर लें. इसके बाद इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, अमचूर पाउडर और गरम मसाला मिलाकर आलू का मसाला तैयार करें. अब ब्रेड के किनारों को काटकर अलग कर दें. इसके बाद ब्रेड को हल्का सा पानी में डुबोकर हथेली से दबाएं ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए. अब इसके बीच में आलू का मसाला रखकर रोल बना लें. अब इन रोल्स को गरम तेल में गोल्डन होने तक तलें. इसे हरी चटनी या सॉस के साथ गर्मागर्म सर्व करें और पूरे परिवार के साथ एन्जॉय करें.
साउथ इंडियन पसंद है तो ट्राय करें स्पाइसी ब्रेड उपमा
अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें साउथ इंडियन चीजें खाना अच्छा लगता है, तो ऐसे में ब्रेड उपमा आपके लिए एक बेहतरीन चॉइस है. इस ब्रेकफास्ट की खासियत यह है कि आप इसे बहुत ही कम तेल में आसानी से बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में तेल गरम करें और फिर उसमें राई, उड़द दाल, कढ़ी पत्ता और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगाएं. अब इसमें बारीक कटे प्याज, टमाटर और अपनी पसंद की सब्जियां, जैसे कि शिमला मिर्च या मटर डालकर पकाएं. जब सब्जियां हल्की पक जाएं, तो इसमें नमक और हल्दी डालें. इसके बाद ब्रेड के छोटे-छोटे टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिला लें. लास्ट में इसे 2 मिनट ढककर पकाएं और ऊपर से भुनी हुई मूंगफली डालकर परोसें.
ये भी पढ़ें: इस दुर्गा पूजा घर पर बनाएं बंगाल की ये 5 मशहूर मिठाइयां, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाने का करेगा मन
बच्चों के चेहरे पर मुस्कान ले आएगा इंस्टेंट ब्रेड पिज्जा
पिज्जा एक ऐसी चीज है जिसका नाम सुनते ही बच्चों के चेहरे पर आपको एक अलग सी खुशी देखने को मिल जाती है. अगर आपके बच्चे भी हर दिन पिज्जा खाने की जिद करते हैं तो ऐसे में आप उन्हें घर पर ही तवे पर ब्रेड पिज्जा बनाकर खिला सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड की स्लाइस पर थोड़ा सा पिज्जा सॉस या शेजवान सॉस लगाएं. इसके बाद ऊपर से कटी हुई शिमला मिर्च, टमाटर, कॉर्न और प्याज सजाएं. अब ऊपर से ढेर सारा चीज और थोड़ा सा चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो छिड़कें. इसके बाद एक तवे पर थोड़ा सा बटर लगाकर ब्रेड को रखें और ढककर धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट तक पकाएं, जब तक कि चीज पिघल न जाए. सिर्फ 10 से 15 मिनट में आपका क्रिस्पी ब्रेड पिज्जा तैयार है.
मीठा खाने का मन हो तो स्वीट ब्रेड हलवा
अगर आपको सुबह के नाश्ते में कुछ मीठा खाने का मन कर जाए, तो ऐसे में ब्रेड का स्वीट हलवा आपके लिए एक परफेक्ट रेसिपी है. इसकी खासियत यह है कि आप इसे बहुत ही कम चीजों का इस्तेमाल करके बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड के टुकड़ों को देसी घी में हल्का फ्राई या टोस्ट कर लें. अब एक पैन में दूध गरम करें और उसमें चीनी मिलाएं. जब दूध उबलने लगे, तो उसमें ब्रेड के टुकड़े डाल दें. ऐसा करते ही ब्रेड तुरंत सारे दूध को एब्जॉर्ब कर लेगी. अब इसे अच्छी तरह मैश करते हुए चलाएं जब तक कि यह हलवे की तरह गाढ़ा न हो जाए. लास्ट में ऊपर से थोड़ा सा इलायची पाउडर और कटे हुए काजू-बादाम मिलाकर गर्मागर्म सर्व करें.
ये भी पढ़ें: साबूदाने की खिचड़ी और वड़े से ऊब चुका है मन? इस नवरात्रि घर पर बनाएं ये 5 टेस्टी व्रत वाली रेसिपीज
The post रोज-रोज वही ब्रेड-बटर खाकर हो गए हैं बोर? घर में रखी ब्रेड से बनाएं ये 5 इंस्टेंट और टेस्टी रेसिपीज appeared first on Prabhat Khabar.

