छोटे बच्चों का खेलते समय या चलते-फिरते गिर जाना आम बात है. कई बार तो बच्चा मामूली चोट के साथ ठीक हो जाता है लेकिन अगर गिरने के दौरान उसके सिर, चेहरे या नाक पर चोट लगी हो तो माता-पिता को थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत होती है. ऐसे में सवाल उठता है कि बच्चा गिरने के बाद आपको क्या करना चाहिए और कब डॉक्टर से मिलना जरूरी है.
बच्चे के गिरने पर कब लगाएं आइस पैक?

नोएडा बेस्ड पेडियाट्रिशियन Dr. Rajeev Ranjan के मुताबिक, कोशिश यही होनी चाहिए कि बच्चे को ऐसी जगह अकेला न छोड़ा जाए जहां उसके गिरने का खतरा हो. हालांकि, दुर्घटनावश बच्चा गिर जाए तो हर बार घबराने की जरूरत नहीं होती. सबसे पहले बच्चे को शांत करें और देखें कि उसे चोट कहां लगी है.
अगर बच्चा नाक या चेहरे के बल गिरता है और वहां सूजन या बंप आ जाता है, तो शुरुआती तौर पर प्रभावित हिस्से पर कपड़े में लपेटकर ठंडी पट्टी या आइस पैक लगाया जा सकता है. बर्फ को सीधे स्किन पर नहीं लगाना चाहिए. इसके साथ ही बच्चे की स्थिति पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर पेडियाट्रिशियन से संपर्क करें.
यह भी पढ़ें: Health Emergency: घर में जरूर होने चाहिए ये 6 मेडिकल डिवाइस, कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया क्यों हैं जरूरी

कब जाएं डॉक्टर के पास?
डॉक्टर राजीव रंजन के अनुसार, चोट लगने के बाद अगर बच्चे को उल्टी नहीं हो रही है तो यह एक राहत की बात हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर तरह की गंभीर चोट की संभावना पूरी तरह खत्म हो गई है. बच्चे के व्यवहार और दूसरे लक्षणों पर भी नजर रखना जरूरी है. अगर गिरने के बाद बच्चा उल्टी करे, बेहोश हो जाए, बहुत ज्यादा नींद या सुस्ती दिखाए, असामान्य व्यवहार करे, तो तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए.
डॉक्टर का कहना है कि बच्चे के गिरने के बाद कुछ समय तक उसकी निगरानी करना जरूरी है. माता-पिता या कोई जिम्मेदार व्यक्ति बच्चे के पास रहे और उसके व्यवहार में किसी असामान्य बदलाव पर ध्यान दे. बच्चे को गिरने से बचाने के लिए घर में सीढ़ियों, ऊंचे बेड, खिड़कियों और फिसलन वाली जगहों पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. छोटे बच्चों को ऊंची जगह पर अकेला छोड़ने से बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: महंगी दवा यानी बेहतर इलाज? डॉक्टर ने खोला दवाइयों के दाम और ‘डिस्काउंट’ का पूरा खेल!
The post बच्चा गिर जाए तो सबसे पहले क्या करें? डॉक्टर ने बताया इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज appeared first on Prabhat Khabar.

