
Roommate Rules For Living Together: आजकल पढ़ाई या नौकरी के लिए कई लोग अपना घर छोड़कर दूसरे शहर में रहते हैं. ऐसे में खर्च कम रखने के लिए फ्लैट या कमरा शेयर करना आम बात है. साथ रहने पर दोस्ती अच्छी हो सकती है, लेकिन हर किसी की आदतें एक जैसी नहीं होतीं. किसी को सफाई पसंद होती है, तो कोई काम को बाद के लिए छोड़ देता है. इसी तरह किसी को देर रात तक जागना पसंद हो सकता है, जबकि दूसरा जल्दी सोना चाहता हो. इसलिए साथ रहने की शुरुआत में ही कुछ जरूरी बातें आपस में तय कर लेना बेहतर होता है.
किराया और बिल पहले ही तय कर लें
सबसे पहले पैसों से जुड़ी बातें साफ कर लें. किराया कब देना है, बिजली और पानी का बिल कैसे बांटना है और वाई-फाई या गैस का खर्च कौन और कब देगा, यह पहले ही तय कर लें. पैसे ऑनलाइन देने हैं या किसी और तरीके से, यह भी साफ रखें. इससे हर महीने पैसों को लेकर होने वाली छोटी बहस से बचा जा सकता है.
घर की सफाई का काम बांट लें
घर साफ रखने की जिम्मेदारी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं होनी चाहिए. बर्तन कौन साफ करेगा, किचन की सफाई कब होगी और बाथरूम की सफाई कौन करेगा, इस पर पहले ही बात कर लें. आप चाहें तो काम दिन या हफ्ते के हिसाब से बांट सकते हैं. अगर घर में काम करने वाली आती है, तो उसका खर्च भी पहले से तय कर लें.
खाने और किचन को लेकर नियम बनाएं
किचन शेयर करते हैं तो खाने से जुड़ी बातें भी साफ रखना जरूरी है. यह तय कर लें कि खाना साथ में बनेगा या दोनों अलग-अलग खाना बनाएंगे. अगर राशन मिलकर खरीदते हैं, तो खर्च किस तरह बांटा जाएगा, यह भी तय करें. किसी के खास खाने या स्नैक्स को बिना पूछे इस्तेमाल न करना बेहतर है.
मेहमानों को लेकर पहले बात करें
दोस्त या परिवार के लोग घर आएं तो इसमें कोई परेशानी नहीं है, लेकिन लंबे समय तक किसी के रुकने से दूसरे फ्लैटमेट को दिक्कत हो सकती है. इसलिए रात में किसी मेहमान के रुकने या घर पर पार्टी रखने से पहले एक-दूसरे को बता दें. इससे दोनों की सुविधा और प्राइवेसी का ध्यान रखा जा सकता है.
सोने और आराम का समय समझें
हर किसी का सोने-जागने का समय अलग हो सकता है. अगर एक फ्लैटमेट सुबह जल्दी उठता है और दूसरा रात में देर तक जागता है, तो छोटी बात भी परेशानी बन सकती है. इसलिए एक ऐसा समय तय कर लें, जब घर में तेज आवाज में गाने, टीवी या फोन पर बात करने से बचा जाए. साथ ही, एक-दूसरे के कमरे में जाने से पहले पूछने की आदत रखें.
निजी सामान बिना पूछे इस्तेमाल न करें
घर में कुछ सामान सबके लिए होता है और कुछ चीजें पर्सनल होती हैं. कपड़े, जूते, मेकअप, चार्जर या दूसरी निजी चीजें इस्तेमाल करने से पहले पूछ लेना बेहतर है. अगर कोई सामान साझा इस्तेमाल के लिए है, तो उसे दोनों की सहमति से तय कर लें. इससे छोटी-सी बात को लेकर मनमुटाव नहीं होगा.
शुरुआत में बात कर लेना है बेहतर
फ्लैटमेट के साथ अच्छा माहौल बनाए रखने के लिए हर बात मन में रखने के बजाय समय पर बात करना जरूरी है. शुरुआत में ही खर्च, सफाई, मेहमान, खाना और निजी सामान जैसी बातों पर सहमति बना लें. इससे दोनों को एक-दूसरे की आदतों को समझने में आसानी होगी और साथ रहना भी ज्यादा आरामदायक रहेगा.
यह भी पढ़ें: मंथ एंड में खाली हो रही जेब? जानिए फ्रीलांसिंग से लेकर इमरजेंसी फंड तक के 6 स्मार्ट स्टेप्स
The post फ्लैटमेट से नहीं होगा झगड़ा! साथ रहने से पहले तय कर लें ये जरूरी बातें appeared first on Prabhat Khabar.

