भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। भारतीय टीम शुभमन गिल की अगुआई में खेलते हुए नजर आएगी। इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ी भी खेलेंगे। सीरीज से पहले कोहली ने कप्तान शुभमन गिल की जमकर प्रशंसा की है। कोहली का कहना है कि गिल के पास टीम का नेतृत्व करने के लिए सही दृष्टिकोण और इच्छाशक्ति है।
कोहली ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के पहले वनडे से पहले गिल और अपनी बल्लेबाजी को लेकर विचार साझा किए। कोहली ने जियो स्टार से कहा, शुभमन अभी कप्तानी के गुर सीख रहे हैं। इस भूमिका में वह अभी नए हैं, लेकिन उनके पास भारतीय टीम का नेतृत्व करने के लिए सही दृष्टिकोण और इच्छाशक्ति है। मैदान पर टीम की रणनीति को लेकर उनकी राय स्पष्ट होती है। निश्चित तौर पर अधिक अनुभव लेने और परिस्थितियों की समझ के साथ वह सुधार करते रहेंगे जैसा कि प्रत्येक कप्तान करता है। लेकिन उनमें भारतीय क्रिकेट टीम का सही तरीके से नेतृत्व करने की इच्छाशक्ति है, जो महत्वपूर्ण होता है। इसलिए मुझे लगता है कि वह लंबे समय तक कप्तानी करेंगे।


